Meerut: लापता बच्ची को पुलिस ने परिजनों से मिलाया, परिवार ने ली राहत की सांस, दो दिन से थी लापता
मेरठ के सोहराब गेट बस अड्डे के पास लावारिस मिली 10 वर्षीय बच्ची को पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद परिजनों से मिलाया। बच्ची भावनपुर क्षेत्र की रहने वाली है और परिवार से बिछड़ गई थी।
विस्तार
मेरठ के नौचंदी क्षेत्र स्थित सोहराब गेट बस अड्डा के पास एक दस वर्षीय बच्ची लावारिस हालत में मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को अपने संरक्षण में लेकर उसके परिजनों की तलाश शुरू की।
सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि नौचंदी क्षेत्र में तैनात मिशन टीम को यह बच्ची संदिग्ध अवस्था में मिली थी। पूछताछ के दौरान बच्ची अपना पूरा पता और घर की जानकारी स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रही थी, जिससे उसकी पहचान करने में काफी दिक्कत हुई।
पुलिस ने लगातार प्रयास और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने के बाद बच्ची के परिजनों से संपर्क स्थापित किया। जांच में सामने आया कि बच्ची भावनपुर क्षेत्र के भोपाल बिहार की रहने वाली है। परिजनों ने बताया कि बच्ची सीताराम पुलिया के पास उनसे बिछड़ गई थी, जिसके बाद परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया।
पुलिस द्वारा सुरक्षित रूप से बच्ची को परिजनों के सुपुर्द किए जाने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया।