Meerut: ईद पर कुर्बानी के बाद छुरी लेकर बनाई भड़काऊ वीडियो, पुलिस ने दबोचा, कान पकड़कर बोला-अब गलती नहीं होगी
मेरठ के ब्रह्मपुरी क्षेत्र में धार्मिक भावनाओं और सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाली कथित भड़काऊ वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने के आरोप में युवक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके पास से छुरी भी बरामद की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ में सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो को लेकर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार वीडियो में एक युवक हाथ में छुरी लेकर घूमता दिखाई दे रहा था। वीडियो में प्रयुक्त टैग लाइन और ध्वनि सामग्री को भी आपत्तिजनक और भड़काऊ बताया गया है। पुलिस का कहना है कि इस सामग्री से धार्मिक भावनाओं और सामाजिक सौहार्द पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका थी।
जांच में हुई पहचान
मामले की जानकारी मिलने के बाद ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य माध्यमों से वीडियो में दिखाई देने वाले युवक की पहचान हरिनगर क्षेत्र निवासी 25 वर्षीय अमन के रूप में की गई। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की।
रात में दबिश देकर किया गिरफ्तार
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने अभियान चलाकर आरोपी को भूमिया पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से वीडियो में प्रयुक्त बताई गई एक छुरी भी बरामद की। पुलिस ने आरोपी को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पहली बार दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ इसी मामले में आपराधिक मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वीडियो किस उद्देश्य से बनाई गई थी और उसे किन माध्यमों से प्रसारित किया गया। अधिकारियों का कहना है कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने या लोगों को भड़काने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।