सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   Meerut: roads closed arbitrarily, vehicles keep crawling, Meerut jam echoed in the assembly

UP: व्यवस्था धड़ाम, मनमाने ढंग से बंद किए रास्ते, रेंगते रहते हैं वाहन, विधानसभा में भी गूंजा मेरठ का जाम

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: Dimple Sirohi Updated Wed, 07 Feb 2024 02:17 PM IST
विज्ञापन
सार

मेरठ शहर भर में लोग जाम से जूझ रहे हैं। मंगलवार को विधानसभा में भी इसकी गूंज हुई। यहां दिल्ली रोड का हाल सबसे ज्यादा बेहाल है। पढ़ें क्या है शहर का हाल।

Meerut: roads closed arbitrarily, vehicles keep crawling, Meerut jam echoed in the assembly
मेरठ में जाम - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार

मेरठ शहर के चारों और हाईवे, एक्सप्रेसवे के जाल में गाड़ियां रफ्तार ले रही हैं। रैपिड ने भी दस्तक दे दी है। लेकिन इन सबके बीच शहर के अंदरूनी रास्ते जाम से कराह रहे हैं। मंगलवार को रैपिड के काम के चलते दिल्ली रोड पर यातायात सबसे ज्यादा बदहाल रहा। 

Trending Videos


हालात इतने बुरे हो गए कि टीपी नगर गेट से बागपत अड्डे तक की दो किमी की दूरी भी घंटों में तय हुई। इस बीच लोग चिल्लाते, बुदबुदाते और व्यवस्था को कोसते रहे। यही हाल शहर के बागपत रोड, टीपीनगर, रुड़की रोड, बिजली बंबा बाईपास, मालरोड़, जलीकोठी चौराहा सहित अन्य इलाकों का भी रहा।

विज्ञापन
विज्ञापन

Meerut: roads closed arbitrarily, vehicles keep crawling, Meerut jam echoed in the assembly
मेरठ में जाम - फोटो : Amar Ujala

अक्सर रहने वाले इन हालातों की गूंज मंगलवार को विधानसभा में भी सुनाई दी। सरधना विधायक अतुल प्रधान ने विधानसभा में ट्रैफिक जाम की बढ़ती समस्या के निराकरण के लिए बनाई गई व्यवस्था के विषय में सवाल किया। जवाब में बताया गया कि जाम से निजात के लिए महानगरों में आईटीएमएस की स्थापना की गई है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाती है।

दिल्ली रोड पर रैपिड का काम जोरों पर चल रहा है। लेकिन इसके लिए लोगों की सहूलियत का ख्याल नहीं रखा जा रहा। कहीं भी कभी भी बिना सूचना के रास्ता बंद कर दिया जाता है। बड़ी-बड़ी मशीनें आड़ी- तिरछी खड़ी होती हैं। गाड़ियों के निकलने के लिए ट्रैफिक पुलिस से सामन्जस्य बनाकर कोई व्यवस्था नहीं की जाती। मनमाने ढंग से जगह-जगह बेरिकेडिंग लगाकर डायवर्जन कर दिया जाता है और रास्ता तय करने में लोगों की कमर में बल पड़ जाते हैं। मंगलवार को दिल्ली रोड के हाल बदहाल हुए तो लोग फुटबाल चौराहे से बागपत रोड की ओर जाने लगे। इससे बागपत रोड पर भी भारी जाम लग गया। टीपीनगर तक वाहन रेंगते रहे। बेतरतीब वाहन चलाने और आड़े-तिरछे खड़े ट्रकों के चलते टीपीनगर रोड पर भी वाहनों की रफ्तार मंद पड़ गई। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को हुई। स्कूल से घर पहुंचने में बहुत अधिक वक्त लगने पर अभिभावक भी परेशान हो उठे।

400 मीटर के सफर में लगा आधा घंटा
मंगलवार को दिल्ली रोड पर रैपिड के काम के चलते ईरा मॉल के पास सैनी होटल के सामने क्रेन लगाकर मस्जिद के पास से यातायात को निकाला गया। यहां से वाहन निकले तो मेरठ मॉल की ओर से आ रहे वाहन एचपी के शक्ति पेट्रोल पंप के सामने आते रहे। 400 मीटर के सफर में 30 मिनट तक लगे। 

बिजली बंबा पर ट्रक खराब, वाहनों की लगी लाइनें
दिल्ली रोड पर रैपिड के काम के चलते बिजली बंबा बाईपास पर यातायात का दबाव बढ़ गया है। मंगलवार को सुबह 10.30 बजे के करीब श्री बांके बिहारी कॉलेज के सामने ट्रक खराब हो गया। इसके बाद वाहनों की लगी कतार के बीच लोग बिलबिलाते रहे। गाड़ियां तो दूर दुपहिया वाहन चालक भी जहां के तहां ठहर गए। वहीं बजौट गांव से आने वाले वाहन भी जाम में फंस गए। भीषण जाम के बीच यातायात पुलिस भी नदारद रही। दोपहर 12.30 बजे पहुंची पुलिस ने जैसे-तैसे यातायात निकलवाया।
 

Meerut: roads closed arbitrarily, vehicles keep crawling, Meerut jam echoed in the assembly
मेरठ में प्रदूषण - फोटो : Amar Ujala

धूल और धुआं लोगों को बना रहा रोगी
एनसीआरटीसी की ओर से लोगों के स्वास्थ्य की कोई चिंता जमीनी स्तर पर नहीं दिख रही। काम से पहले पानी के छिड़काव की कोई व्यवस्था नहीं है। जीरो माइल्स, शारदा रोड के सामने, भैंसाली बस अड्डे के पास, शताब्दीनगर में यार्ड के आसपास भारी वाहन चलने से धूल का गुबार उठता रहता है। इससे लोग रोगी बन रहे हैं। छाती रोग विशेषज्ञ डा. वीरोत्तम तोमर कहते हैं कि धूल और धुएं के सूक्ष्म कण फेफड़ों में श्वांस तंत्र को कमजोर कर देते हैं। इससे रोग बढ़ता है। ऐसे रोगियों की संख्या बढ़ी है। 

शहर में जाम न लगे इसको लेकर सभी टीआई को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। जहां जाम की समस्या है, वहां का निरीक्षण करके समाधान निकाला जाएगा। - राघवेंद्र कुमार मिश्र, एसपी यातायात

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed