मिशन 2027: नितिन नवीन बोले- यूपी को बांटने की कोशिश न हो, पं.बंगाल में जवाब मिला, विकास का रथ रुकने नहीं देंगे
मेरठ में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शक्ति केंद्र कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने यूपी को बांटने की कोशिश खत्म करने, विकास का रथ जारी रखने और युवाओं की भूमिका पर बात की।
विस्तार
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश में फिर से जो राजनीतिक खेल खेलने का प्रयास किया जा रहा है, उसे खत्म करना है और प्रदेश के विकास के रथ को रुकने नहीं देना है। उन्होंने कहा कि इसी संकल्प के साथ शक्ति केंद्र के कार्यकर्ता यहां जुटे हैं।
.@BJP4India के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री @NitinNabin जी के साथ जनपद मेरठ में आयोजित शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन (पश्चिम क्षेत्र) में...https://t.co/vz2BHciSfa
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) September 21, 2026विज्ञापन
मिशन-2027 के मद्देनजर नितिन नवीन सोमवार और मंगलवार को मेरठ और सहारनपुर के दौरे पर हैं। दो दिवसीय दौरे में वह पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र संयोजकों और जमीनी कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं। मेरठ में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मौजूदा ताकत बताया।
युवाओं को केवल भविष्य नहीं, आज की शक्ति बताया
नितिन नवीन ने कहा कि देश के युवाओं को केवल भारत का भविष्य मानकर नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि वे आज की मौजूदा ताकत हैं। युवाओं को अपनी प्रतिभा का सही दिशा में उपयोग करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और पुरुषार्थ से लगातार संगठन को मजबूती मिल रही है। विधायक और सांसद चुनाव जीतकर आते हैं तो उसके पीछे कार्यकर्ताओं का परिश्रम और संघर्ष होता है।
यह भी पढ़ें: सीएम योगी: बोले-व्यक्ति से बढ़कर दल और दल से बढ़कर देश, भाजपा ने बदली राजनीति की दिशा, सपा पर साधा निशाना
1857 की क्रांति की भूमि को नमन किया
नितिन नवीन ने मेरठ की धरती को 1857 की क्रांति को दिशा देने वाली पवित्र भूमि बताया। उन्होंने कहा कि इस भूमि ने ऐसा परिवर्तन दिया है, जिसका संदेश देश के साथ-साथ पूरी दुनिया तक गया। उन्होंने मेरठ की आस्था और धार्मिक महत्व से जुड़े स्थलों को भी नमन किया।
शक्ति केंद्र कार्यकर्ताओं को बताया भाजपा की ताकत
नितिन नवीन ने शक्ति केंद्र कार्यकर्ताओं को भाजपा का मजबूत आधार बताते हुए कहा कि दिल्ली और लखनऊ से संगठन तथा सरकार का संदेश मंडल स्तर तक पहुंचाने और उसे लागू कराने में शक्ति केंद्र के कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को बूथ जीतने के साथ भाजपा और सरकार की उपलब्धियों को भी जनता तक पहुंचाना है। शक्ति केंद्र कार्यकर्ता संगठन की उस त्रिवेणी पर खड़े हैं, जहां बूथ, मंडल और शक्ति केंद्र एक साथ मिलते हैं। उन्होंने कहा कि यही संगठन 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में भूमिका निभाएगा।
भाजपा कार्यकर्ताओं को जीत का श्रेय दिया
नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश को भय, अराजकता और परिवारवादी राजनीति से निकालकर उत्तम प्रदेश बनाने के मिशन में योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि एक समय प्रदेश में भय का वातावरण था, लेकिन आज भाजपा सरकार में भरोसे का वातावरण है।
उन्होंने कहा कि पहले अराजकता का माहौल था, जबकि आज योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून का राज है। उनके अनुसार, एक समय विकास रुक गया था, लेकिन अब उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और विकसित राज्य की दिशा में बढ़ रहा है।
'सरकार योजनाओं में गरीब को देखती है, उसका समाज-धर्म नहीं'
नितिन नवीन ने कहा कि एक समय इस क्षेत्र में बहनें सुरक्षित नहीं थीं, किसानों को समय पर भुगतान नहीं मिलता था और व्यापारी भय के माहौल में रहते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों के साथ योजनाओं में भी उनके समाज के आधार पर भेदभाव होता था।
नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार योजनाएं बनाते समय गरीब को देखती है, उसके समाज और धर्म को नहीं। उन्होंने इसे सरकार के कामकाज में बदलाव बताया।
माफिया के नाम से पहचाने जाने वाले जिलों का किया जिक्र
नितिन नवीन ने कहा कि पहले इस क्षेत्र में माफियाओं के नाम पर पहचान तय होती थी, जबकि अब जिलों की पहचान 'वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट' से हो रही है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव अपने आप नहीं आया है।
उन्होंने 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश के हालात का जिक्र करते हुए पिछली सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय कुछ लोग सरकारी संपत्ति तक की नल की टोंटियां चुरा लेते थे और अब वही लोग युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने की बात करते हैं।
युवाओं को रोजगार और गरीबों के लिए अन्न योजना का जिक्र
नितिन नवीन ने कहा कि जिन्होंने केवल अपने परिवार का भविष्य देखा हो, वे उत्तर प्रदेश के युवाओं के भविष्य की चिंता नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि नौ लाख युवाओं को नौकरी देने का काम भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया है।
उन्होंने कोरोना काल से लेकर अब तक गरीबों के घर तक अन्न पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की योजनाओं का भी जिक्र किया।
महिलाओं के सम्मान और सशक्तीकरण की योजनाएं गिनाईं
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के सम्मान और स्वावलंबन की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने करोड़ों शौचालयों के निर्माण का जिक्र करते हुए कहा कि इससे महिलाओं के सम्मान को बनाए रखने में मदद मिली।
उन्होंने कहा कि महिलाएं अब स्वाभिमानी होने के साथ स्वावलंबी भी बन रही हैं। उत्तर प्रदेश में लक्ष्मी दीदी योजना के माध्यम से महिलाओं को सशक्त करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को पूरा करके महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने की दिशा में भी काम किया जाएगा।
पिछली सरकारों पर माफिया राज का आरोप
नितिन नवीन ने कहा कि एक दौर में उत्तर प्रदेश में ऐसी सरकारें रहीं जो केवल अपने बारे में सोचती थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय माफिया सरकार चलाते थे और माफियाओं का तंत्र सत्ता के केंद्र तक प्रभाव रखता था।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में माफिया तंत्र के कारण भय का वातावरण बन गया था और लोग पुलिस थाने जाने से भी डरते थे। नितिन नवीन ने कहा कि वर्तमान शासन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अपराधियों को संरक्षण देने की हिम्मत कोई नहीं कर सकता और अपराधियों को सजा देने का काम सरकार कर रही है।
चौधरी चरण सिंह की भूमि को किया नमन
भाजपा अध्यक्ष ने चौधरी चरण सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि यह वह पवित्र भूमि है, जहां उन्होंने किसानों के लिए संघर्ष किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने चौधरी चरण सिंह को वह सम्मान नहीं दिया और उनकी सरकारों को गिराने का काम किया।
कांग्रेस और सपा पर 'डिवाइड एंड रूल' की राजनीति का आरोप
नितिन नवीन ने समाजवादी पार्टी के नेताओं पर उत्तर प्रदेश को फिर से बांटने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के जाने के बाद कांग्रेस ने उनकी 'डिवाइड एंड रूल' नीति को अपनाया और बाद में समाजवादियों ने भी इसे आगे बढ़ाया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे संकल्प लें कि कांग्रेस की इस 'डिवाइड एंड रूल' नीति को उत्तर प्रदेश में दोबारा लागू नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश को बांटने की कोशिश को खत्म करना है और विकास के रथ को रुकने नहीं देना है।
कांग्रेस और सपा पर परिवारवाद का आरोप
भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर परिवारवाद को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इन दलों ने परिवार के बाहर किसी को सम्मान नहीं दिया और आज पिछड़ों तथा दलितों की बात करते हैं।
नितिन नवीन ने कहा कि अगर किसी ने सम्मान दिया और सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न दिया तो वह भाजपा की सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया।
आंबेडकर के अपमान का कांग्रेस पर आरोप
नितिन नवीन ने संविधान का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर डॉ. भीमराव आंबेडकर के अपमान का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोगों ने डॉ. आंबेडकर का अपमान करने का काम किया। भाजपा ने उन्हें सम्मान देने का कार्य किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के पिछले कार्यकाल और उनकी राजनीति को याद रखें तथा उत्तर प्रदेश को फिर से बांटने की कोशिशों का मुकाबला करें।
नितिन नवीन बोले- युवाओं को कारतूस-पिस्तौल नहीं, स्किल डेवलपमेंट और रोजगार के अवसर दिए जा रहे
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि एक समय नई पीढ़ी के युवाओं को कारतूस, पिस्तौल और अन्य चीजों की संस्कृति की ओर धकेला जाता था, लेकिन अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में युवाओं को स्किल डेवलपमेंट से जोड़कर रोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को दोबारा उस दौर में नहीं जाने देना है, जब प्रदेश में भय का वातावरण था।
एक्सप्रेसवे और एयरपोर्ट को बताया विकास की पहचान
नितिन नवीन ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश के एक जिले से दूसरे जिले में जाने में काफी समय लगता था, लेकिन आज नए-नए एक्सप्रेसवे प्रदेश की पहचान बन गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई एयरपोर्ट भी बने हैं और सरकार का ध्यान अब विकास की ओर है। उन्होंने कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश को फिर उस दौर में नहीं जाने देना है और विकास के रास्ते को आगे बढ़ाना है।
आस्था से जुड़े आयोजनों का किया जिक्र
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि एक समय कांवड़ यात्रा और रामनवमी जैसे धार्मिक आयोजनों को रोकने का प्रयास किया जाता था। उन्होंने कहा कि अलग-अलग आस्था के केंद्रों को लेकर भी रोक लगाने की कोशिशें हुईं। उन्होंने दावा किया कि जिन लोगों ने ऐसा किया, जनता ने उन्हें चुनाव में जवाब दिया।
उन्होंने पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा को लेकर भी रोक लगाए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वहां की जनता ने भी ऐसे लोगों को जवाब दिया।
शक्ति केंद्रों को मजबूत करने का आह्वान
नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं से शक्ति केंद्रों को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शक्ति केंद्रों को इतना मजबूत किया जाए कि अपराध और माफिया की राजनीति को दोबारा पैर जमाने का मौका न मिले।
राहुल गांधी पर साधा निशाना
नितिन नवीन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता युवाओं को भड़काने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि राहुल गांधी ने कभी अमेठी के युवाओं के साथ संवाद किया या उनके रोजगार और समस्याओं को सुना।
उन्होंने कहा कि अमेठी और उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने का काम भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया है।
'झूठ का जीवन लंबा नहीं होता'
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आज देश में झूठ की गूंज के साथ राजनीति की जा रही है, लेकिन झूठ का जीवन लंबा नहीं होता। उन्होंने कहा कि सच्चाई की हमेशा जीत होती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकारों को विकसित भारत के सपने को साकार करने वाली सरकार बताया।
नितिन नवीन ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत', पंडित दीनदयाल उपाध्याय के 'अंत्योदय' और अटल बिहारी वाजपेयी के 'सुशासन' के विचारों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारें इन विचारों को जमीन पर उतारने का काम कर रही हैं।
आयुष्मान, आवास और रेहड़ी-पटरी वालों की योजनाओं का जिक्र
नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को जनता के बीच संवाद के रूप में ले जाने को कहा। उन्होंने आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख किया।
उन्होंने रेहड़ी-पटरी वालों के लिए किए गए काम का भी जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने उनके जीवन में बदलाव लाने और उन्हें आगे बढ़ाने की चिंता की है।
'अब माफियाओं का राज नहीं, जनता की सरकार रहेगी'
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में माफियाओं का राज वापस नहीं आएगा। उन्होंने पिछली व्यवस्थाओं पर माफिया तंत्र के प्रभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकारों ने ऐसे लोगों को समाप्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में जनता की सरकार रहेगी और भाजपा की सरकार जनता के माध्यम से बनेगी।
2027 के लिए कार्यकर्ताओं से संपर्क-संवाद बढ़ाने को कहा
नितिन नवीन ने भाजपा कार्यकर्ताओं से किसानों, युवाओं, महिलाओं और मजदूरों के बीच जाकर संपर्क और संवाद करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शक्ति केंद्र के स्तर पर संपर्क और संवाद ही 2027 के मिशन को सफल बनाने में भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में केंद्र और उत्तर प्रदेश की सरकारों ने लोगों के जीवन में बदलाव लाने का काम किया है। उनके मुताबिक अब प्रदेश के युवाओं की सोच में भी बदलाव आया है।
'अब यूपी में वसूली नहीं, इंजीनियरिंग-मेडिकल कॉलेज की चर्चा'
नितिन नवीन ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में वसूली की चर्चा होती थी, लेकिन अब लोग इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज और अन्य व्यावसायिक संस्थान खोलने की बात करते हैं। उन्होंने इसे युवाओं की सोच में आए बदलाव के रूप में बताया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रदेश को दंगे और अपराध की राजनीति से बचाकर विकास के रास्ते पर लाया गया है और अब इसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी भी कार्यकर्ताओं की है।
2047 के विकसित भारत के लिए यूपी को उत्तम प्रदेश बनाने का आह्वान
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 2047 के विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बनकर उभरेगा। उन्होंने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, अयोध्या में राम मंदिर और मथुरा से जुड़े धार्मिक स्थलों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और विरासत को मजबूत करने का काम किया गया है।
पश्चिमी यूपी की 71 सीटों का जिक्र, हर बूथ जीतने का आह्वान
नितिन नवीन ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 71 सीटों का जिक्र करते हुए कार्यकर्ताओं से पूछा कि वे भाजपा की झोली में कितनी सीटें देंगे। उन्होंने हर बूथ को जीतने और मजबूत करने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शक्ति केंद्र कार्यकर्ताओं के संकल्प का संदेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंचाएंगे कि कार्यकर्ता हर बूथ को मजबूत करने के लिए काम करेंगे।
नितिन नवीन ने कहा कि कार्यकर्ता बूथ जीतें और भाजपा उत्तर प्रदेश को उनके सपनों का प्रदेश बनाने के लिए काम करेगी। अंत में उन्होंने कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया और भारत माता की जय, जय हिंद, जय भारत, श्रीराम और वंदे मातरम् के नारों के साथ अपना संबोधन समाप्त किया।