शादियों के लिए अब चार माह करना होगा इंतजार, इस तारीख से होगी मांगलिक कार्यों की शुरुआत
- 19 अप्रैल 2021 से होगी विवाह एवं अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत
विस्तार
शादियों के लिए अब फिर से चार माह का इंतजार करना होगा। इस साल 11 दिसंबर को आखिरी सहालग है। इसके बाद 19 अप्रैल 2021 से विवाहों और अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत होगी। पंडितों के अनुसार ग्रहों के अस्त होने और खरमास होने के कारण ऐसा होगा।
आमतौर पर दिसंबर और जनवरी में खूब शादी होती हैं, लेकिन हर वर्ष की तरह से इस बार ऐसा नहीं है। डबराल ज्योतिष सदन के प्रभारी पंडित प्रभुदत्त डबराल के अनुसार इस साल 11 दिसंबर को आखिरी सहालग है।
शादी, सगाई सहित अन्य मांगलिक कार्यों के लिए शुभ महीना की तिथि, महीना, तिथि, वार, नक्षत्र और शुभ दिन का विचार किया जाता है। वर, वधू एवं मांगलिक कार्य कर व्यक्ति की राशि के हिसाब से शुभ मुहूर्त निकलता है।
इस साल के ढाई माह में विवाह एवं शुभ कार्यों के लिए सिर्फ नौ दिन ही शुभ मुहूर्त हैं, जो 25 नवंबर को देव उठानी एकादशी पर शुरू हुए और शादियों के लिए 11 दिसंबर को इस साल का आखिरी मुहूर्त होगा। अंग्रेजी महीने के अनुसार अगले साल 19 अप्रैल 2021 को पहला मुहूर्त होगा।
पंडित धर्मेश भारद्वाज ने बताया कि 15 दिसंबर को सूर्य के धनु राशि में आ जाने से खरमास शुरू हो जाएगा, जो 14 जनवरी 2021 तक रहेगा। खरमास में विवाह आदि शुभ मुहूर्त नहीं होते हैं। इसके बाद 19 जनवरी से 16 फरवरी तक गुरु तारा अस्त रहेगा।
गुरु ग्रह अस्त होने पर भी शुभ विवाह नहीं होता है। शुक्र ग्रह 16 फरवरी से 17 अप्रैल तक अस्त रहेगा। इस कारण 11 दिसंबर के बाद अगले चार महीने तक विवाह के लिए शुभ मुहूर्त नहीं रहेंगे और 19 अप्रैल 2021 को साल का पहला शुभ मुहूर्त होगा।