सरधना। भगवान महावीर जयंती के उपलक्ष्य में सोमवार को सरधना के जैन मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रम किए। इसमें विशेष शांतिधारा और पूजन कर भगवान महावीर का स्मरण किया गया।
आदर्श नगर स्थित जैन मंदिर में मंशापूर्ण महावीर विधान का आयोजन भक्तिभाव से किया गया। वहीं, पद्म प्रभु जैन बड़ा मंदिर में धर्म जागृति संस्थान के तत्वावधान में जिनवाणी विधान संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान महावीर जन्म कल्याणक के उपलक्ष्य में ध्वजारोहण कर मांगलिक क्रियाओं की शुरुआत की गई। ध्वजारोहण में कुणाल जैन, सतीश चंद जैन, माणिक जैन, राजीव जैन, रजनीश जैन, संजीव जैन, पुनीत जैन, अभिषेक जैन और नमन जैन सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।
जैन बाल संघ के अध्यक्ष नमन जैन ने बताया कि मंगलवार सुबह अभिषेक, शांतिधारा और पूजन के बाद भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। रथ में भगवान को विराजमान कराने का सौभाग्य धनपाल जैनी परिवार को मिलेगा। सारथी की भूमिका सुरेंद्र जैन परिवार निभाएगा। रथयात्रा नगर के प्रमुख बाजारों और मार्गों से होते हुए पांडुकशिला रोड स्थित विद्योदय निलय पर संपन्न होगी। शाम को मां जिनवाणी भक्त मंडल की ओर से पालना कार्यक्रम होगा।