Moradabad: चारा लेने जा रही दादी-पोती को वाहन ने कुचला, दोनों ने तोड़ दिया दम; पुल पार करने के दौरान हादसा
मुरादाबाद में वाहन ने पुल पार करने के दौरान दादी-पोती को टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों की मौत हो गई। दोनों पशुओं के लिए चारा लेकर लौट रही थी। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

विस्तार
कटघर क्षेत्र में रामगंगा पुल पार कर रही सोमवार की दोपहर दादी-पोती को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। इस हादसे में दोनों की मौत हो गई। हादसे के समय दादी-पोती खेत से पशुओं के लिए चारा लेने जा रही थी। पुलिस ने अज्ञात वाहन के चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

आस पड़ोस के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिए वाहन चालक की तलाश में जुट गई है। कटघर थानाक्षेत्र के सूरजनगर निवासी नन्हें कश्यप का खेत रामगंगा पार है। बताया जा रहा है कि सोमवार की दोपहर करीब एक बजे नन्हें की पत्नी सुनीता (60) अपनी पोती एंजल (8) को साथ लेकर खेत से पशुओं के लिए चारा लेने गई थी।
दादी-पोती मुरादाबाद-रामपुर हाईवे पर रामगंगा पुल पार कर रही थीं। इसी दौरान किसी वाहन ने दोनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में दादी-पोती गंभीर रूप से घायल हो गईं। चालक वाहन लेकर भाग गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भिजवा दिया जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए और मृतकों की पहचान की।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मंगलवार को परिजनों दादी पोती के अंतिम संस्कार कर दिया।
दिवाली की वजह से दोपहर में खेत पर जा रही थीं दादी
सूरजनगर निवासी नन्हें के घर में भी सोमवार की दोपहर दिवाली की तैयारी चल रही थी। परिवार के अन्य लोग साफ सफाई और कुछ खरीदारी में लगे थे। बताया जा रहा है कि सुनीता और उनकी पोती एंजल भी घर की साफ सफाई में लगी थी। सुनीता अक्सर शाम को खेत पर जाती थी लेकिन शाम को दिवाली मनानी थी और दीये जलाने थे।
इसलिए वह पोती को साथ लेकर दोपहर में ही चारा लेने खेत पर जार ही थी। ताकि शाम से पहले ही वह घर लौट आए लेकिन हादसे में दोनों की मौत हो गई। इससे परिवार में कोहराम मच गया और फिर परिवार ने दिवाली भी नहीं मनाई।