मुरादाबाद: चाैराहे में महापुरुषों की मूर्तियां लगाने को लेकर भिड़ गए पार्षद, नगम निगम की बैठक में जमकर हंगामा
मुरादाबाद नगर निगम बैठक में जीआईसी चौक पर अंबा प्रसाद और ध्यानचंद की मूर्ति लगाने को लेकर पार्षदों में नोकझोंक हो गई। बैठक में 11.59 अरब का बजट पास किया गया। इसमें सड़क चौड़ीकरण पर जोर दिया गया।
विस्तार
मुरादाबाद नगर निगम बोर्ड की बैठक में मंगलवार को जीआईसी चौक पर महापुरुषों की मूर्तियां लगाने को लेकर विवाद छिड़ गया। महापौर ने कहा कि जीआईसी चौक पर क्रांतिकारी सूफी अंबा प्रसाद की मूर्ति लगाई जाएगी। इस पर भाजपा के पार्षदों ने खुलकर समर्थन किया। जबकि विपक्षी पार्षद भड़क गए।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से इस पर विवाद चल रहा है। जीआईसी मैदान से हॉकी के सितारे निकले हैं इसलिए वहां मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा लगनी चाहिए। इसे लेकर पक्ष और विपक्ष के पार्षदों के बीच तीखी बहस हुई और पांच मिनट तक सदन में शोर-शराबा होता रहा।
नेता प्रतिपक्ष अनुभव मेहरोत्रा ने कहा कि वार्ड-66 के पार्षद मुअज्जम की मांग जायज है। वहां सूफी अंबा प्रसाद के नाम पर छापाखाना और सड़क पहले से ही है। अब जीआईसी मैदान हॉकी के लिए जाना जाता है। इसलिए वहां मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा लगाई जानी चाहिए। भाजपा पार्षद गौरव श्रीवास्तव भड़क गए।
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर सदन में वोटिंग करा ली जाए। महापौर ने स्पष्ट किया कि जीआईसी चौक पर सूफी अंबा प्रसाद की ही प्रतिमा लगेगा। मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा के लिए बुद्धि विहार में स्थान निर्धारित किया गया। इस पर विपक्षी पार्षदों का जवाब था कि हम विरोध करेंगे। काफी देर गहमा गहमी और बैठक समाप्त होने के बाद ही पार्षद इस मुद्दे पर चर्चा करते नजर आए।
बजट में खास
- कुल बजट : 11.59 अरब रुपये
- जलापूर्ति पर 18 करोड़ रुपये
- नाला सफाई के लिए दो करोड़ रुपये
- नाला निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये
- परिसंपत्तियों के रखरखाव पर लगभग 300 करोड़ रुपये
- सीवर लाइन मरम्मत व रखरखाव पर 4.50 करोड़ रुपये
- सार्वजनिक शौचालय निर्माण पर एक करोड़ लाख रुपये
- बाजार किराया 434 से घटाकर 400 रुपये करने का प्रस्ताव
11.59 अरब का बजट पास, सड़क चौड़ीकरण पर जोर
बोर्ड बैठक में मंगलवार को शहर के विकास के लिए 11.59 अरब का बजट पास हो गया। बजट में नगर निगम ने नाला निर्माण, सड़क चौड़ीकरण, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट समेत कई कार्यों पर जोर दिया है। 200 करोड़ रुपये सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़क चौड़ीकरण पर खर्च किए जाएंगे।
महापौर विनोद अग्रवाल ने कहा कि पिछले वर्ष का कुल बजट 11 अरब 23 करोड़ रुपये था। जलापूर्ति, नाला सफाई, सीवर लाइन मरम्मत, सड़क निर्माण, पथ प्रकाश, पार्कों के विकास और सार्वजनिक शौचालय निर्माण जैसे कार्यों के लिए अलग-अलग मदों में धनराशि निर्धारित की गई है।
नगर निगम का दावा है कि इस बजट से शहर में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और नागरिक सुविधाओं में सुधार लाने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल, अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार व अजीत कुमार सिंह, कार्यकारिणी उपाध्यक्ष शैलेंद्र सैनी, विशाल उर्फ गोलू, विनोद शर्मा समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।
