Rampur: मस्जिद के पुनर्निर्माण पर हंगामा, अभद्रता में दरोगा लाइन हाजिर व सिपाही निलंबित, गांव में पुलिस तैनात
मिलक के गांव निस्वी में पुरानी मस्जिद के पुनर्निर्माण को लेकर दूसरे समुदाय ने विरोध कर दिया। अधिक क्षेत्रफल और मीनार निर्माण पर आपत्ति जताते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने निर्माण कार्य रुकवा दिया है।
विस्तार
मिलक के गांव निस्वी में पुरानी मस्जिद के पुनर्निर्माण पर मंगलवार को दूसरे समुदाय ने सवाल उठाते हुए प्रदर्शन किया। निर्माण के विरोध में कुछ लोग कोतवाली में जुट गए और नारेबाजी के बीच हंगामा किया। एक युवक ने पुलिस पर अभद्रता का आरोप लगाया।
इस पर एसपी विद्यासागर मिश्र ने दरोगा सचिन को लाइन हाजिर और कांस्टेबल अंकित कुमार को निलंबित कर दिया। विरोध करने वालों का कहना था कि पहले मस्जिद जितने क्षेत्रफल में थी, अब उससे अधिक जगह में निर्माण किया जा रहा है।
गांव में तनाव की स्थिति
साथ ही मीनार भी बनाई जा रही है, जिससे गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने एसडीएम को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार अंकित अवस्थी को सौंपकर मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की। कोतवाली में भी पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई।
एहतियातन निर्माण कार्य रुकवाया
हालात देख पुलिस ने एहतियातन निर्माण कार्य रुकवा दिया। गांव में दो पुलिसकर्मी भी तैनात कर दिए गए। इस दौरान बजरंग दल के जिला मंत्री अमृत गौड़ ने कहा कि निर्माण नियमों के तहत ही होना चाहिए। यदि पहले मीनार नहीं थी तो बिना अनुमति उसे नहीं बनाया जाना चाहिए।
ज्ञापन पर धर्मेंद्र, रामनिवास, रामचंद्र, दुर्जन लाल, बांदू राम, पूरनलाल, अनुज,अरुण, राजेंद्र,राजीव आदि के हस्ताक्षर हैं। दूसरी ओर, ग्राम निस्वी निवासी अरुण मौर्य ने आरोप लगाया कि मंगलवार को वह अपने साथियों के साथ इस मामले की शिकायत दर्ज कराने कोतवाली पहुंचे तो ड्यूटी पर तैनात सिपाही ने उन्हें अंदर बुलाकर बिना किसी कारण थप्पड़ मार दिया और अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
एक दरोगा पर भी अपमानजनक भाषा बोलने का आरोप लगाया। एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि मिलक में तैनात सिपाही अंकित कुमार को निलंबित कर दिया गया है। दरोगा सचिन को लाइन हाजिर किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। गांव में शांति है।
