मुरादाबाद पीएसी में सनसनी: सिपाही ने फंदे से लटककर दी जान, दो बहनों की शादी के बाद लौटे थे ड्यूटी पर
मुरादाबाद की नौवीं पीएसी वाहिनी में ट्रेनर सिपाही विकास गौतम ने अपने आवास में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। वह तीन दिन पहले ही बहनों की शादी कराकर ड्यूटी पर लौटे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
नौवीं पीएसी वाहिनी में तैनात सिपाही विकास गौतम ने अपने आवास पर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। वह प्रशिक्षु सिपाहियों को प्रशिक्षण दे रहे थे और तीन दिन पहले ही अपनी दो बहनों की शादी करके लौटे थे। इस घटना से वाहिनी में हड़कंप मच गया।
किठौर थानाक्षेत्र के भटीपुरा निवासी विकास गौतम नौवीं पीएसी वाहिनी में सिपाही के पद पर कार्यरत थे। सोमवार सुबह उन्होंने प्रशिक्षण मैदान में प्रशिक्षु सिपाहियों की गणना की। इसके बाद उन्होंने साथियों से कपड़े बदलने की बात कहकर आवास पर वापस जाने को कहा।
आवास पहुंचकर उन्होंने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और फंदे पर लटक गए। उनके साथ रहने वाले साथी विपिन कुमार दस दिन की छुट्टी के बाद आवास पर लौटे। विपिन ने दरवाजा बंद पाया और आवाज लगाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला।
उन्होंने आसपास के अन्य जवानों को बुलाया और दरवाजा तोड़ दिया। अंदर विकास गौतम फंदे पर लटके हुए मिले। इसके बाद पीएसी अधिकारियों को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एक अप्रैल को हुई थी दो बहनों की शादी
बताया जाता है कि विकास गौतम की दो बहनों की शादी एक अप्रैल को हुई थी। वह तीन अप्रैल को शादी समारोह से वापस वाहिनी लौटे थे। शादी के तुरंत बाद हुई इस घटना से परिवार और साथियों में गहरा सदमा है। आत्महत्या के पीछे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
पुलिस जांच जारी
पुलिस अधीक्षक सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की छानबीन कर रही है। फिलहाल, कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।