मुरादाबाद: रिपोर्ट दर्ज करने के मांगे दस हजार, हकीमपुर चौकी प्रभारी निलंबित, अन्य कर्मियों की भी चल रही जांच
रिपोर्ट दर्ज करने के एवज में पैसे मांगने वाले चाैकी प्रभारी को एसएसपी सतपाल अंतिल ने निलंबित कर दिया है। दरोगा की शिकायत एसएसपी से की गई थी। इस मामले में अन्य की भूमिका की भी जांच हो रही है।
विस्तार
एसएसपी सतपाल अंतिल ने पाकबड़ा क्षेत्र की हकीमपुर चौकी इंचार्ज अंकित कुमार को निलंबित कर दिया है। गुरैठा गांव निवासी उपेंद्र ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिया था। जिसमें उसने बताया कि चाचा नन्हें की जमीन का बैनामा एक व्यक्ति अपने नाम पर करा लिया है। चाचा की मौत हो चुकी है।
उसने प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए हकीमपुर चौकी इंचार्ज अंकित कुमार को प्रार्थना पत्र दिया था लेकिन चौकी इंचार्ज ने दस हजार रुपये ले लिए हैं। पीड़ित ने एक ऑडियो भी एसएसपी को दिया था। जिसमें रुपये के लेनदेन की बात चल रही थी। एसएसपी ने सीओ हाईवे राजेश कुमार से जांच कराई। जांच रिपोर्ट के आधार पर चौकी इंचार्ज अंकित कुमार को निलंबित कर दिया।
एएसपी अभिनव द्विवेदी को बनाया सीओ सिविल लाइंस
एसएसपी सतपाल अंतिल ने जिले के चार सीओ के कार्यक्षेत्र बदल दिए हैं। सीओ कुलदीप कुमार गुप्ता को सीओ कार्यालय, सीओ कटघर वरुण कुमार को जनशिकायत की जिम्मेदारी दी गई है। एएसपी एवं कांठ सीओ अभिनव द्विवेदी सीओ सिविल लाइंस बनाया गया है। सीओ शुभम पटेल को कांठ सर्किल की जिम्मेदारी दी गई है। लाइन में तैनात सीओ गौरव कुमार त्रिपाठी को सीओ कटघर बनाया गया है।
लाइन पार चाैकी इंचार्ज और सिपाही निलंबित
पॉश कॉलोनी बुद्धि विहार में चल रहे देह व्यापार की जानकारी होने के बावजूद लाइन पार चौकी इंचार्ज शिवम वशिष्ठ और बीट सिपाही गुरदीप कुमार अंजान बने थे। वहीं जानकारी मिलते ही एसएसपी सतपाल अंतिल ने मकान पर छापा पड़वा दिया। जहां से दो महिला समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया।
इसके बाद एसएसपी ने दोनों पुलिस कर्मियों को निलंबित कर इनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए हैं। मझोला थाना क्षेत्र के बुद्धि विहार सेक्टर- सात बी में आस पड़ोस में रहने वाले लोगों ने एक मकान में कुछ संदिग्ध गतिविधियां देखीं। उन्होंने इसकी जानकारी लाइन पार चौकी इंचार्ज शिवम वशिष्ठ और बीट सिपाही को दी लेकिन उन्होंने कोई ध्यान नहीं दिया।
इस मामले की शिकायत एसएसपी के पास तक पहुंच गई। उन्होंने सीओ सिविल लाइंस कुलदीप गुप्ता को टीम के साथ मौके पर भेज दिया। जहां एक मकान में दो महिला समेत आठ लोग मौजूद थे। पुलिस की जांच पड़ताल में पता चला कि यहां देह व्यापार चल रहा था। दिल्ली और हरियाणा की महिलाएं आती हैं। जांच में चौकी इंचार्ज और बीट सिपाही की भूमिका संदिग्ध पाई है। दोनों को निलंबित कर दिया गया है।