यूपी: रावण दहन से पहले बिगड़ी मुरादाबाद की हवा, ईको हर्बल पार्क में एक्यूआई 135 पार, दशहरे पर बढ़ेगा प्रदूषण
रावण दहन से पहले ही मुरादाबाद की हवा की गुणवत्ता बिगड़ने लगी है। ईको हर्बल पार्क में एक्यूआई 135 और कांशीरामनगर में 110 दर्ज किया गया, जबकि अन्य चार केंद्रों पर यह 85 से 94 के बीच रहा। नमी घटने से धूल उड़ने के कारण प्रदूषण बढ़ रहा है।
विस्तार
रावण दहन से पहले ही मुरादाबाद की हवा बीमार होने लगी है। ईको हर्बल पार्क के पास एक्यूआई (वायु गुणवत्ता सूचकांक) 135 के पार पहुंच गया है। जबकि कांशीरामनगर में 110 रिकार्ड किया गया। हालांकि यह कोई गंभीर स्थिति नहीं है लेकिन अस्थमा, फेफड़ों की बीमारी या दिल के मरीजों को सांस लेने में थोड़ी तकलीफ या बेचैनी महसूस हो सकती है।
जिस तरह से एक्यूआई में इजाफा हो रहा है उस हिसाब दशहरा पर स्थिति बिगड़ सकती है। मौसम साफ होने की वजह से वातावरण की नमी में कमी आई है। रविवार को सुबह नमी का स्तर 79 फीसदी था, जो शाम को घटकर 70 फीसदी रह गया। पिछले 24 घंटे में सुबह के समय की नमी में छह फीसदी की गिरावट आई है।
जबकि कांशीराम नगर में पीएम 2.5 का औसत स्तर 89 माइक्रो ग्राम प्रति घन मीटर और पीएम 10 का औसत स्तर 110 माइक्रो ग्राम प्रति घन मीटर रहा। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुसार एक्यूआई के इस स्तर के कारण फेफड़ों की परेशानी, अस्थमा या हृदय रोग से पीड़ित मरीजों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है।
अन्य शेष चार स्टेशन बुद्धि विहार, रोजगार कार्यालय, जिगर कालोनी और ट्रांसपोर्ट नगर में एक्यूआई 85 से 94 के बीच रहा। क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड डीके गुप्ता का कहना है कि नमी होने पर धूल पृथ्वी की सतह पर जम जाती है।
जब वातावरण में नमी कम होगी तो निश्चित रूप से धूल उड़ने लगती है। इसके कारण हवा में धूल होने से एक्यूआई का स्तर बढ़ता है। आने वाले दिनों में वायु गुणवत्ता सूचकांक नियंत्रित रहे, इसके लिए नगर निगम की ओर से पानी के छिड़काव और सड़कों की मरम्मत करवाने का कार्य किया जा रहा है।
15 अक्तूबर को 180 था एक्यूआई
पंद्रह अक्तूबर को इको हर्वल पार्क का एक्यूआई 180 तक पहुंच गया था। जबकि 14 अक्तूबर को कांशीरामनगर में वायु गुणवत्ता सूचकांक 145 दर्ज किया गया था। जबकि 15 अक्तूबर को पूरे महानगर का एक्यूआई 120 दर्ज किया गया था।