संभल में तीन की माैत: आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, नौ की हालत गंभीर, टेंपो से टकराई अनियंत्रित कार
चंदाैसी में अनियंत्रित कार ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो सवार तीन लोगों की माैत हो गई। नाै घायलों को हायर सेंटर भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर ग्राम उधरनपुर अजमत नगर के तीव्र मोड़ पर रविवार शाम को टेंपो और कार के बीच जबरदस्त टक्कर में किशोरी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस भीषण भिड़ंत में टेंपो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार यात्री सड़क पर जा गिरे।
कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में मृत एक महिला की देर शाम तक शिनाख्त नहीं हो सकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को दो एंबुलेंस और एक छोटा हाथी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बहजोई भेजा गया।
जहां से गंभीर रूप से घायल लोगों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। रविवार शाम को हाईवे पर धनारी के गांव उधरनपुर अजमत नगर के मोड़ पर यह हादसा हुआ। डॉक्टरों ने थाना क्षेत्र के ग्राम मानकपुर निवासी किशोरी लाल (40), बहजोई थाना क्षेत्र के ग्राम रायपुर कलां निवासी ओमपाल की 12 वर्षीय पुत्री रजनी, और एक 45 वर्षीय महिला को मृत घोषित कर दिया।
नाै लोग जख्मी
इसके अलावा दुर्घटना में नौ लोग घायल हुए हैं। इनमें बहजोई थाना क्षेत्र के ग्राम रायपुर कलां निवासी ओमपाल (35), उनकी पत्नी प्रवेश (32), पुत्री सलौनी (7), पुत्र कुलदीप (2), बहजोई के ही गांव अकबरपुर निवासी शौकीन (32), गांव पाठकपुर के रजनेश (20), जुनावई थाना क्षेत्र के गांव लहरा नगला श्याम निवासी प्रियांशु (14), कृपाल (35), और एक अज्ञात महिला शामिल हैं। सभी घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें इलाज के लिए हायर सेंटर भेजा गया है।
ट्रक से बचने के प्रयास में कार हुई अनियंत्रित
कार में सवार प्रियांशु ने बताया कि कार को उसके चाचा कृपाल चला रहे थे। वह जयराम नगर से अपने गांव जा रहे थे। सामने से आ रहे एक ट्रक से बचने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर टेंपो से जा भिड़ी। टेंपो बबराला से सवारियां भरकर बहजोई की ओर जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उधरनपुर अजमत नगर के पास एक ट्रक से बचाने के प्रयास में कार सीधे टेंपो से जा टकराई। टेंपो में सवार कुछ लोग गंगा स्नान कर राजघाट से लौट रहे थे। नोएडा नंबर की टैक्सी कार कृपाल के नाम से पंजीकृत है और वह खुद ही उसे चला रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।