Muzaffarnagar: प्रेम प्रसंग में युवक ने की आत्महत्या, तीन महीने बाद खुला मामला, छह लोगों पर प्राथमिकी
ककरौली क्षेत्र के चौरावाला गांव में प्रेम प्रसंग के चलते युवक की आत्महत्या के मामले में न्यायालय के आदेश पर छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना को तीन महीने बीत चुके हैं और अब पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुजफ्फरनगर जनपद के ककरौली थाना क्षेत्र के चौरावाला गांव में प्रेम प्रसंग से जुड़े एक युवक की आत्महत्या के मामले में न्यायालय के आदेश पर छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना को करीब तीन महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब मामले में कार्रवाई शुरू हुई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
तीन महीने पहले युवक ने लगाई थी फांसी
जानकारी के अनुसार गांव निवासी अंकज उर्फ पंकज ने करीब तीन महीने पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद परिजनों ने आरोप लगाया था कि युवक को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया।
मिलने बुलाकर प्रताड़ना का आरोप
मृतक की मां किरणवती का आरोप है कि 14 फरवरी को प्राची ने उनके बेटे को मिलने के लिए बुलाया था। वहां उसे प्रताड़ित किया गया, जिसके बाद वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गया था। परिजनों का कहना है कि इसी कारण उसने आत्महत्या की।
न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुआ मामला
परिजनों ने पहले पुलिस में शिकायत दी थी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने विभिन्न आयोगों को भी शिकायत भेजी, फिर भी कार्रवाई नहीं हुई। अंततः न्यायालय की शरण लेने पर आदेश के बाद पुलिस ने प्राची, उसके पिता बाबू कश्यप, भाई मांगा, धर्मवीर, जोनी और अभिषेक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।