UP: मुजफ्फरनगर-बिजनौर मार्ग पर यातायात ठप, देवल के पास ट्रक फंसा, रोडवेज बसों का संचालन बंद
मुजफ्फरनगर-बिजनौर मार्ग पर देवल के पास सड़क पर मिट्टी और पानी भरने से यातायात ठप हो गया। टाइल्स से लदा ट्रक फंसने के बाद रोडवेज बसों का संचालन भी बंद कर दिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश और हाईवे निर्माण कार्य के चलते मुजफ्फरनगर-बिजनौर मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। देवल के पास सड़क पर मिट्टी और पानी भरने के कारण टाइल्स से लदा एक ट्रक बीच रास्ते में फंस गया, जिससे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। स्थिति को देखते हुए रोडवेज बसों का संचालन भी रोक दिया गया है।
देवल के पास फंसा ट्रक, थम गया यातायात
थाना रामराज क्षेत्र के देवल के पास बृहस्पतिवार को हाईवे निर्माणाधीन पुल की मिट्टी सड़क पर आ गई थी। इससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया था। रात में बजरी डालकर यातायात को आंशिक रूप से बहाल किया गया, लेकिन सड़क पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो सकी।
शुक्रवार सुबह मुजफ्फरनगर की ओर जा रहा टाइल्स से लदा एक ट्रक सड़क पर फंस गया। इसके बाद पूरे मार्ग पर यातायात रुक गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
रोडवेज बसों का संचालन भी रोका गया
परिवहन निगम मुजफ्फरनगर डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक प्रभात कुमार सिन्हा ने बताया कि मार्ग बाधित होने के कारण बिजनौर जाने वाली रोडवेज बसों का संचालन फिलहाल बंद कर दिया गया है। सड़क सामान्य होने के बाद ही बस सेवा दोबारा शुरू की जाएगी।
बारिश और निर्माण कार्य बने परेशानी की वजह
लगातार बारिश और निर्माणाधीन हाईवे से सड़क पर आई मिट्टी के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन की ओर से मार्ग को जल्द सुचारु कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।