Pilibhit News: राइस मिल मालिक के खाते से निकाले 4.15 करोड़ रुपये, बैंक शाखा प्रबंधक ने ऐसे किया 'खेल'
पीलीभीत में एक राइस मिल मालिक के खाते से 4.15 करोड़ रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित ने बैंक शाखा प्रबंधक व अज्ञात कर्मचारियों पर आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
विस्तार
पीलीभीत में एक राइस मिल मालिक से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि बैंक शाखा प्रबंधक ने अधिक ऋण और कम ब्याज का लालच देकर खाता ट्रांसफर कराया और बाद में चेक की फोटो के जरिए खाते से 4.15 करोड़ रुपये निकाल लिए। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना कोतवाली क्षेत्र के केजीएन टू कॉलोनी निवासी मोहम्मद जीशान ने कोर्ट के आदेश पर थाना सुनगढ़ी में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें बताया है कि वह अमरिया स्थित उजैफा इग्रीटेग राइस मिल के मालिक हैं। उनकी फर्म का खाता टनकपुर बाइपास रोड स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक शाखा में संचालित है। वर्ष 2024 में बैंक द्वारा उन्हें 10 करोड़ रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया था। जिसे बाद में बढ़ाकर 15 करोड़ रुपये कर दिया गया। इससे पहले उनका खाता इंडियन बैंक में था।
आरोप है कि पंजाब एंड सिंध बैंक के शाखा प्रबंधक राधेश्याम प्रभाकर ने अधिक ऋण सुविधा और कम ब्याज दर का लालच देकर उनका खाता अपने बैंक में ट्रांसफर कराया। साथ ही 25 करोड़ रुपये तक लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर लगातार संपर्क बनाए रखा। आरोप है कि शाखा प्रबंधक ने व्हाट्सएप के माध्यम से विभिन्न रकम के चेक की फोटो मंगवाई। छह मई 2025 से 23 जनवरी 2026 के बीच करीब 20 चेक की फोटो भेजी गईं, जिन पर उनके हस्ताक्षर भी नहीं थे।
पीड़ित ने बैंक अधिकारियों से शिकायत की
आरोप है कि इन्हीं चेक की मदद से शाखा प्रबंधक ने अन्य बैंक कर्मियों की मिलीभगत से उनके खाते से कुल 4.15 करोड़ रुपये निकाल लिए, जबकि मूल चेक अभी भी उनके पास सुरक्षित हैं। जब उन्हें धोखाधड़ी की जानकारी हुई तो उन्होंने बैंक अधिकारियों से शिकायत की। मामला सामने आने पर शाखा प्रबंधक और अन्य कर्मचारियों ने ब्याज सहित रकम वापस करने का आश्वासन दिया, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी रकम वापस नहीं की गई।
खुद को ठगा महसूस होने पर पीड़ित जीशान ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने शाखा प्रबंधक राधेश्याम प्रभाकर समेत अन्य अज्ञात बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इंस्पेक्टर नरेश त्यागी ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा।
