Pilibhit News: निजी अस्पताल में महिला की मौत पर भड़के परिजन, डीएम कार्यालय पर हंगामा, आत्मदाह का किया प्रयास
पीलीभीत के एक निजी अस्पताल में महिला मरीज की मौत के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी और अस्पताल को सील करने की मांग को लेकर सोमवार को मृतका के परिजन ने डीएम कार्यालय पर जमकर हंगामा किया। वार्ता के लिए पहुंचे डीएम और सीएमओ से परिजन की तीखी नोकझोंक हुई। मामला बढ़ने पर कुछ परिजन पेट्रोल की बोतल लेने के लिए दौड़ पड़े। पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पीलीभीत के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान हुई एक महिला की मौत के बाद सोमवार को परिजन ने जिलाधिकारी कार्यालय पर जमकर हंगामा किया। परिजन ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और अस्पताल को सील करने की मांग की। इस दौरान कुछ परिजन ने पेट्रोल लेकर आत्मदाह का प्रयास भी किया, जिससे हड़कंप मच गया। पुलिस ने उन्हें रोककर स्थिति संभाली।
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और मुख्य चिकित्सा अधिकारी बीसी पंत परिजनों से वार्ता करने पहुंचे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। माहौल गरमा गया और कुछ परिजन पेट्रोल की बोतल लेने के लिए दौड़ पड़े। पुलिस ने तुरंत उन्हें रोका। हंगामे के बाद जिलाधिकारी अपने कार्यालय में चले गए। इसके बाद परिजन ने जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर धरना शुरू कर दिया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। इस घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
यह भी पढ़ें- Bareilly News: कार्बन क्रेडिट योजना से बदलेगी 239 किसानों की तकदीर, डेढ़ लाख पौधे बने कमाई का जरिया
दो डॉक्टरों के खिलाफ दर्ज हो चुका है मामला
तीन अगस्त को थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के रंजीत सिंह कॉलोनी निवासी पूनम अवस्थी की धन्वन्तरि अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान मौत हो गई थी। यह अस्पताल गांधी स्टेडियम रोड पर स्थित है। मृतका के पुत्र ने अस्पताल के चिकित्सक उपेंद्रनाथ और अक्षत पांडे के खिलाफ तहरीर दी थी। इस तहरीर के आधार पर दोनों डॉक्टरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। परिजन लगातार इन आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। वे अस्पताल को भी सील करने पर अड़े हुए हैं। उनका कहना है कि न्याय मिलने तक वे अपना विरोध जारी रखेंगे।
जांच समिति का गठन
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने इस पूरे मामले की जांच के लिए एक तीन सदस्यीय समिति गठित की है। यह समिति पूनम की मौत के कारणों और अस्पताल की भूमिका की जांच कर रही है। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों की लापरवाही के कारण पूनम की जान गई। जांच समिति की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने जांच प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की है। वे चाहते हैं कि दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिले। इस मामले में आईएमए ने भी एक दिन पूर्व प्रेसवार्ता कर अपना पक्ष रखा था।