UP: पीलीभीत के मेडिकल कॉलेज में छात्रा पर चाकू से हमला, आरोपी छात्र ने महिला कर्मचारी को भी किया घायल
पीलीभीत के मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को बड़ी घटना हुई। कॉलेज परिसर स्थित सीटी स्कैन रूम में मंगलवार सुबह एक पैरामेडिकल छात्र ने छात्रा पर चाकू से हमला कर दिया। छात्रा को बचाने आई एक महिला कर्मचारी को छात्र ने घायल कर दिया। घटना से मेडिकल कॉलेज में दहशत फैल गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पीलीभीत के मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित सीटी स्कैन रूम में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पैरामेडिकल छात्र ने अपनी सहपाठी छात्रा पर चाकू से हमला कर दिया। छात्रा को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची सीटी स्कैन विभाग की महिला कर्मचारी पर भी आरोपी ने चाकू से वार कर दिया। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए भर्ती कराया गया। मेडिकल कॉलेज के कर्मचारियों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी सुकीर्ति माधव, एएसपी विक्रम दहिया फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
मंगलवार सुबह मेडिकल कॉलेज परिसर के सीटी स्कैन रूम में पैरामेडिकल छात्र सागर सिंह ने बरेली निवासी छात्रा कशिश पटेल अचानक चाकू से हमला कर दिया। हमले से छात्रा के घायल होते ही वहां मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। इसी दौरान छात्रा को बचाने के लिए आगे आई सीटी स्कैन विभाग की महिला कर्मचारी निधि ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया। इस पर आरोपी ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह भी घायल हो गईं। घटना से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। मरीजों व तीमारदारों में दहशत फैल गई।
यह भी पढ़ें- UP: ईओ ने बहाली के लिए मांगे आठ लाख, बीसलपुर में बर्खास्त कर्मचारी ने दी जान; सुसाइड नोट में लिखी पूरी कहानी
प्रारंभिक जांच में सामने आई प्रेम प्रसंग की बात
शोर-शराबा सुनकर मेडिकल कॉलेज के कर्मचारी और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी को घेरकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घायलों का हाल जाना और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए भर्ती कराया है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
घायल छात्रा हायर सेंटर रेफर
कड़ी सुरक्षा के बीच छात्रा को हायर सेंटर रेफर किया गया। इस दौरान मेडिकल कॉलेज प्रशासन और पुलिस ने इमरजेंसी से एंबुलेंस तक घेरा बनाया और फिर छात्रा को ले जाया गया। लोगों को फोटो वीडियो बनाने से भी रोका गया।