पीलीभीत में आंधी-बारिश का कहर: खंभों समेत ट्रांसफार्मर सड़क पर गिरा, बिजली आपूर्ति ठप; ईंट भट्ठे की चिमनी ढही
पीलीभीत जिले में सोमवार सुबह तेज आंधी के साथ हुई बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। बिजली के खंभे गिरने और फाल्ट होने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। अमरिया तहसील क्षेत्र में आंधी के दौरान ईंट भट्ठे की चिमनी ढह गई। तेज बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कत हुई।
विस्तार
पीलीभीत जिले में सोमवार सुबह तेज आंधी के साथ जमकर बारिश बारिश हुई। शहर में 40 हजार से अधिक बिजली उपभोक्ताओं को सात घंटे से ज्यादा समय तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। शहर के आवास विकास में बिजली व्यवस्था लगभग आठ घंटे ठप रही। इसके चलते सुबह चार बजे जहां पानी की आपूर्ति शुरू होनी चाहिए थी, वह दोपहर दो बजे तक शुरू नहीं हो पाई। महिलाओं के करीब के सरकारी नल से पानी भरकर घरेलू कामकाज निपटाए। आंधी के कारण कई इलाकों में बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर गिर गए, वहीं एक ईंट भट्ठे की चिमनी भी ढह गई। इससे काफी नुकसान होने का अनुमान है।
सुबह करीब चार बजे शुरू हुई तेज हवा और बारिश से शहर के विभिन्न हिस्सों में फॉल्ट हुए। बरेली मार्ग से शहर को आने वाली लाइन में तकनीकी समस्या के कारण नकटादाना और रामलीला फीडर से जुड़े उपभोक्ताओं की आपूर्ति बाधित हुई। बिजली विभाग की टीमें मरम्मत कार्य में जुटी रहीं, लेकिन इसके बाद भी शहर में बिजली कटौती जारी रही। भीषण गर्मी के बाद बारिश से कुछ राहत मिली, लेकिन घनी आबादी वाले इलाकों में गलियां जलमग्न हो गईं। नाले-नालियां चोक होने से कई मुहल्लों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों की आवाजाही मुश्किल हो गई। सड़कों पर भी कीचड़ जमा हो गया। कुछ घंटों बाद बारिश थमने पर पानी उतरने लगा और लोग अपने घरों व प्रतिष्ठानों के बाहर सफाई करते दिखे।
बिजली आपूर्ति बाधित और जलभराव
आंधी-बारिश के कारण 40 हजार से अधिक उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति सात घंटे से ज्यादा समय तक ठप रही। सुबह के समय बिजली न होने से लोगों को काफी परेशानी हुई। बरेली मार्ग से आने वाली मुख्य लाइन में फॉल्ट के कारण नकटादाना और रामलीला फीडर प्रभावित हुए। बारिश के कारण नाले-नालियां चोक हो गए, जिससे कई मुहल्लों की गलियों में पानी भर गया। सड़कों पर भी कीचड़ जमा होने से आवाजाही में दिक्कतें आईं।
ट्रांसफार्मर गिरा, सड़क अवरुद्ध
बीसलपुर तहसील क्षेत्र के जल्लापुर गांव में सोमवार सुबह आंधी-बारिश के बीच एक ट्रांसफार्मर खंभों सहित उखड़कर सड़क पर गिर गया। इस घटना से कई गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। साथ ही, सड़क पर आवागमन भी पूरी तरह से रुक गया। स्थानीय लोगों ने बिजली अधिकारियों को इसकी सूचना दी, लेकिन कई घंटे बीत जाने के बावजूद उसे सड़क से हटाया नहीं गया। इससे पैदल चलने वाले लोग तो साइड से निकल पा रहे थे, लेकिन बाइक और कार चालकों का रास्ता बंद हो गया, जिससे उन्हें भारी परेशानी हुई।
ईंट भट्ठे की चिमनी ढही, लाखों का नुकसान
अमरिया तहसील क्षेत्र के भौंनी गांव में स्थित अम्बर ब्रिक्स फील्ड की ऊंची चिमनी सोमवार सुबह तेज बारिश और आंधी के कारण अचानक ढह गई। भट्ठा स्वामी शारोज अंसारी ने बताया कि सुबह करीब 8:30 बजे यह हादसा हुआ। गनीमत रही कि उस समय चिमनी के आसपास कोई व्यक्ति या वाहन मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, इस घटना से भट्ठा स्वामी को लाखों रुपये का नुकसान होने की बात कही जा रही है। चिमनी गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
