पीलीभीत टाइगर रिजर्व: खटीमा मार्ग पर एक साथ तीन बाघों की सैर, नजारा देख थम गया यातायात
पीलीभीत में सोमवार सुबह माधोटांडा-खटीमा मार्ग पर जंगल से निकलकर तीन बाघ सड़क पर आ गए, जिससे यातायात थम गया। बाघ काफी देर तक सड़क पर चहलकदमी करते रहे। राहगीरों और पर्यटकों ने इस दृश्य को अपने मोबाइल में कैद किया।
विस्तार
पीलीभीत जिले में माधोटांडा-खटीमा मार्ग पर सोमवार सुबह उस समय वाहनों के पहिए थम गए, जब जंगल से निकलकर तीन बाघ अचानक सड़क पर आ गए। तीनों बाघ काफी देर तक सड़क पर चहलकदमी करते रहे, जिससे सड़क पर यातायात थम गया। राहगीरों और पर्यटकों ने दुर्लभ और रोमांचक दृश्य को अपने मोबाइल में कैद कर लिया।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व से होकर गुजरने वाला माधोटांडा-खटीमा मार्ग सोमवार सुबह अचानक बाघों की हलचल से थम गया। जंगल से निकलकर तीन बाघ सीधे सड़क पर आ पहुंचे और कुछ देर तक पूरे रास्ते पर बेफिक्र घूमते रहे। बाघों की मौजूदगी से मार्ग पर यातायात पूरी तरह रुक गया। वहां से गुजर रहे वाहन चालकों और पर्यटकों ने सुरक्षा के लिहाज से अपने वाहन रोक लिए और दूरी बनाकर खड़े रहे। इस दौरान कई लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों से इस नजारे का वीडियो बना लिया।
काफी देर तक सड़क पर घूमते रहे बाघ
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों बाघ काफी देर तक सड़क पर टहलते और आपस में अठखेलियां करते नजर आए। ऐसा लग रहा था मानो यह पूरा इलाका उन्हीं का हो। एक साथ तीन बाघों का इस तरह सड़क पर दिखना बेहद कम देखने को मिलता है, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में उत्साह भी देखने को मिला।
लोगों ने बताया कि यह मार्ग माधोटांडा से खटीमा को जोड़ता है और घने वन क्षेत्र से होकर गुजरता है, जहां अक्सर वन्यजीवों की आवाजाही बनी रहती है। हालांकि, एक साथ तीन बाघों का दिखाई देना लोगों के लिए रोमांचकारी नजारा रहा। कुछ देर बाद तीनों बाघ वापस जंगल की ओर लौट गए, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
इस मार्ग से गुजरते समय रहें सतर्क
इस संबंध में वन विभाग के रेंजर सहेंद्र कुमार यादव ने बताया कि यह पूरा क्षेत्र वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास है। यहां बाघों सहित अन्य वन्यजीवों की नियमित गतिविधियां होती रहती हैं और विभाग द्वारा लगातार निगरानी भी की जाती है। उन्होंने राहगीरों और पर्यटकों से अपील की कि ऐसे क्षेत्रों से गुजरते समय सतर्कता और निर्धारित नियमों का पालन जरूर करें।

कमेंट
कमेंट X