Pilibhit News: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, टूटी नंबर प्लेट से मिला हादसे का सुराग
पीलीभीत के गजरौला थाना क्षेत्र में मंगलवार रात भीषण सड़क हादसा हुआ। क्षेत्र के गढ़ा जंगल में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। पुलिस को घटनास्थल पर ट्रक की टूटी नंबर प्लेट मिली है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पीलीभीत के गजरौला थाना क्षेत्र के गढ़ा जंगल में मंगलवार रात ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त बाइक के पास ट्रक की टूटी नंबर प्लेट मिली है। इसके आधार पर पुलिस ने ट्रक और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बुधवार रात करीब 1:45 बजे गजरौला थाना पुलिस को गढ़ा जंगल में वाहन दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना पुलिस के साथ सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा भी मौके पर पहुंचे। वहां दो युवक गंभीर हालत में सड़क पर पड़े मिले। उनकी पहचान माधोटांडा थाने के ग्राम जमुनिया खास निवासी विकास राठौर (23) पुत्र जशवंत और विशाल राठौर (26) पुत्र शंभू दयाल के रूप में हुई।
पुलिस ने दोनों को तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। घटना की जानकारी मृतकों के परिजनों को दे दी गई है।
बाइक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त
घटनास्थल पर मृतकों की बाइक क्षतिग्रस्त हालत में मिली। बाइक का अगला हिस्सा टूटा हुआ था। इसी दौरान पुलिस को मौके से एक टूटी हुई नंबर प्लेट भी मिली, जिस पर यूपी22 बीटी 2336 नंबर अंकित था। पुलिस ने नंबर को वाहन चालान एप पर चेक किया तो यह नंबर एक ट्रक का निकला।
टोल डिटेल से भी मिला सुराग
पुलिस ने प्रथम दृष्टया बाइक को इसी ट्रक से टक्कर लगने की आशंका जताई है। इसके बाद ट्रक की टोल डिटेल निकलवाई गई। जांच में ट्रक के पीलीभीत से पूरनपुर की ओर जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुटी है। हादसे के सही कारणों और ट्रक की भूमिका की पुष्टि के लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों समेत अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर सकती है।