UP: बच्ची से देह व्यापार, महिला सहित चार आरोपी प्रतापगढ़ से अरेस्ट; वाराणसी में पॉक्सो एक्ट में भेजे गए जेल
Varanasi News: शुक्रवार को सभी आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि नाबालिगों के शोषण से जुड़े मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP Crime: सारनाथ थाना पुलिस ने नाबालिग बच्ची से देह व्यापार कराने और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला समेत चार आरोपियों को प्रतापगढ़ से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में प्रतापगढ़ के रमईपुर नेवादा गांव निवासी सुब्रतन उर्फ नरगिस, वाजिद उर्फ राहुल, लियाकत और साफ़रुन शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि 10 अप्रैल 2026 को एनजीओ फ्रीडम फर्म ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सारनाथ के सारंग चौराहा स्थित एक किराये के मकान में एक नाबालिग बच्ची से देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल छापेमारी कर कार्रवाई की थी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी मनोज कुमार और सहिदुन्निसा उर्फ नैन्सी को गिरफ्तार कर लिया था। दोनों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। जांच के दौरान पुलिस को इस पूरे नेटवर्क में अन्य लोगों की संलिप्तता के भी साक्ष्य मिले।
विवेचना आगे बढ़ने पर महिला सहित चार अन्य आरोपियों के नाम प्रकाश में आए। इसके बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने प्रतापगढ़ में दबिश दी और स्थानीय पुलिस की मदद से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद पूरे गिरोह की गतिविधियों और अन्य संभावित आरोपियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की जांच अभी जारी है और यदि विवेचना में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।