JE ने भाई को वीडियो कॉल कर लगाई फांसी: तीन दिन पहले पत्नी दी थी मोटी रकम, बीवी की इस बात से परेशान थे रविंद्र
जेई रविंद्र मिश्रा ने अपने बड़े भाई प्रभात मिश्रा को शाहजहांपुर में वीडियो कॉल की थी। वीडियो कॉल पर ही रविंद्र ने बेडशीट का फंदा बनाया और पंखे से लटक गए। इस बीच प्रभात मिश्रा ने बिजली विभाग में तैनात लाइनमैन रवि कुमार समेत कई लोगों को फोन किया और घटना की सूचना दी थी।
विस्तार
यूपी के रामपुर स्थित शाहबाद स्थित बिजली विभाग में कार्यरत जूनियर इंजीनियर रविंद्र मिश्रा (42) शनिवार की रात बेडशीट का फंदा बनाकर पंखे से लटक गए, जिस कारण उनकी मौत हो गई। जेई के पिता ने मृतक की पत्नी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस अचानक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
रविंद्र मिश्रा और श्रुति का एक 13 साल का बेटा
शाहजहांपुर के थाना रोजा क्षेत्र के आदर्श नगर कॉलोनी निवासी राजेंद्र नाथ मिश्रा ने पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर में बताया गया है कि उनका बेटा रविंद्र मिश्रा (42) सैफनी बिजली घर में जूनियर इंजीनियर के पद पर तैनात था और शाहबाद के बिलारी रोड स्थित एक होटल के पीछे एक मकान में किराए पर रहते थे। उनकी शादी वर्ष 2012 में श्रुति मिश्रा उर्फ अल्का मिश्रा के साथ हुई थी, जिससे उनका एक 13 वर्षीय बेटा भी है।
तीन दिन पहले पत्नी के खाते में डाली थी मोटी रकम
आरोप है कि श्रुति मिश्रा का घरेलू विवाद भी चल रहा था। आरोप है कि पत्नी आए दिन उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज करती थी और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देती रहती थी। वह शाहजहांपुर में भी अपनी ससुराल से लगभग नौ किमी दूर साउथ सिटी कॉलोनी में अलग मकान पर किराए पर रहती है और आए दिन रविंद्र मिश्रा से रुपये की मांग करती थी। रविंद्र ने तीन दिन पूर्व भी श्रुति मिश्रा के खाते में मोटी रकम ट्रांसफर की थी।
पहले भी पत्नी ने की थी पति को मारने की कोशिश
आरोप है कि उसने पूर्व में भी रविंद्र मिश्रा को जान से मारने की नियत से नशीला पदार्थ भी पिलाया था, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई थी। आरोप है कि 21 मार्च को दिन में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था, जिसके बाद पत्नी ने उसे और उसके परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। इसी मानसिक दबाव के चलते रविंद्र मिश्रा ने उसी रात 10 से 11 बजे के बीच में आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच हुआ है। पुलिस ने जेई के शव का पोस्टमार्टम करा दिया है और परिजन शव शाहजहांपुर ले गए है। कोतवाल प्रदीप कुमार ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर पत्नी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
आत्महत्या से पहले वीडियो कॉल करने की चर्चा
चर्चा है कि शनिवार देर रात जेई रविंद्र मिश्रा ने अपने बड़े भाई प्रभात मिश्रा को शाहजहांपुर में वीडियो कॉल की थी। वीडियो कॉल पर ही रविंद्र ने बेडशीट का फंदा बनाया और पंखे से लटक गए। इस बीच प्रभात मिश्रा ने बिजली विभाग में तैनात लाइनमैन रवि कुमार समेत कई लोगों को फोन किया और घटना की सूचना दी थी। इस दौरान बिजली विभाग में कर्मचारी राहुल रस्तोगी ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस किसी तरह मकान में दाखिल हुई और रविंद्र को फंदे से नीचे उतारा और सीएचसी लाया गया। सीएचसी में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। इसके बाद भी विभाग के लोग जेई को जिला अस्पताल ले गए थे। वहां भी जेई को मृत घोषित कर दिया गया।