Rampur Seat: वोट डलवाने में पीछे रहे शहरी नेताजी, सपा व भाजपा के गढ़ में कम वोटिंग, शहर विस सीट पर भी पीछे
रामपुर सीट पर पहले चरण में मतदान हुआ। इस बार लोकसभा क्षेत्र में 55.85 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। 2019 में यह आंकड़ा 64.40 था। इस बार शहर के इलाकों में गांवों के मुकाबले कम वोट पड़े। सभी राजनीतिक दल वोटरों को मतदान केंद्र तक लाने में उस हद तक सफल नहीं हो पाए।
विस्तार
राजनीतिक सभाओं में बढ़-चढ़कर नारेबाजी करने वाले और सोशल मीडिया पर अपने-अपने प्रत्याशियों की जीत का दम भरने वाले शहर के नेता वोट डलवाने में काफी पीछे रहे। उनकी हालत यह रही कि कई बूथों पर 35 फीसदी के पार भी मतदान नहीं हुआ।
शहर में कुछ ही ऐसे बूथ रहे जहां 50 फीसदी मतदान हो सका। रामपुर लोकसभा सीट पर शुक्रवार को मतदान हो गया। मतदान के बाद लोगों की निगाह चार जून को होने वाली मतगणना पर है। रामपुर लोकसभा सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा प्रत्याशी घनश्याम सिंह लोधी, सपा प्रत्याशी मौलाना मोहिब्बुल्लाह नदवी और बसपा प्रत्याशी जीशान खां के बीच है।
तीनों ने चुनाव जीतने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है। उनके साथ ही उनके कार्यकर्ताओं ने भी काफी मेहनत की है। हालांकि, शहरी क्षेत्र में सभी दलों के नेताओं की सक्रियता उनके क्षेत्र में हुए मतदान प्रतिशत ने खोल दी है। प्रत्याशियों के कार्यकर्ताओं ने वोटरों को निकालने के लिए कितनी मेहनत की है यह रामपुर की पोलिंग फीसदी से ही लग सकता है।
शहर विधानसभा क्षेत्र की बात की जाए तो ग्रामीण इलाकों की मदद से शहर विधानसभा सीट का मतदान फीसद 45 के पार जा सका। शहर में मतदाताओं को घरों से निकालकर बूथों तक पहुंचा पाने में न तो समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता ही सफल रहे और न ही भारतीय जनता पार्टी के।
रामपुर में 55.85 फीसदी हुआ मतदान
पहले चरण में रामपुर लोकसभा सीट पर हुए मतदान में 55.85 फीसदी लोगों ने वोट का इस्तेमाल किया, जबकि 2019 में 64.40 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस तरह पिछले चुनाव के मुकाबले 8.55 फीसदी कम मतदान हुआ। इस चुनाव की बात की जाए तो सबसे कम मतदान शहर सीट पर हुआ।
शहर विधानसभा क्षेत्र में महज 45.30 फीसदी मतदान हुआ। स्वार विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा 60.51 फीसदी मतदान हुआ है। इसी तरह बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र में 59.42 फीसदी, मिलक विधानसभा क्षेत्र में 58.03 फीसदी और चमरौवा विधानसभा क्षेत्र में 57.86 फीसदी मतदाताओं ने अपने मत का इस्तेमाल किया है।
शहरी इलाके की बात की जाए ज्वाला नगर में महज 36 फीसदी मतदान हुआ है, जबकि शहर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों की बात की जाए तो घनश्यामपुर, बहपुरा, मंडैयान कली में 60 से 65 फीसदी मतदान हुआ है।
मतदान केंद्र बूथ नंबर कुल वोटर कुल वोट प्रतिशत
राजकीय रजा डिग्री कालेज 8 8055 3199 39.71
नेशनल जूनियर हाईस्कूल 5 6278 2365 37.67
शमसी गल्र्स इंटर कालेज 3 2733 925 33.84
सिटी जूनियर हाईस्कूल 8 8465 3334 39.38
बेबी गार्डन स्कूल 3 3298 1272 38.56
भाजपा के गढ़ वाले शहर के बूथों की स्थिति
मतदान केंद्र बूथ नंबर कुल वोटर कुल मतदान प्रतिशत
मुर्तजा इंटर काॅलेज 5 6534 2522 38.59
गन्ना समिति कार्यालय 4 5022 1691 33.67
विद्या मंदिर इंटर काॅलेज 9 9994 3333 33.35
ज्वाला नगर 20 23475 8635 36.78
आजम खां के गढ़ यानी शहर के शाहबाद गेट, नवाब गेट समेत अन्य क्षेत्रों में 201 बूथों पर भी मतदान काफी कम हुआ। यहां पर करीब 2,12,232 वोटरों में से महज 86,692 वोट ही पड़े। शहर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में सौ बूथ आते हैं, जिसमें 1,07,966 वोटरों में से 59 फीसदी मतदान हुआ।
आजम खां की सपा प्रत्याशी मोहिबुल्लाह नदवी को लेकर भी नाराजगी का असर दिखा। आजम खां के मतदान केंद्र रजा डिग्री काॅलेज के बूथ पर 40 फीसदी भी मतदान नहीं हुआ।