Rampur By Poll: जयंत चौधरी का मुख्यमंत्री पर तंज, खतौली-रामपुर में काफी गर्मी है, इसे कैसे निकालेंगे सीएम योगी
जयंत ने सीएम पर हमला बोले हुए कहा कि सरकार ने वादा किया था कि किसानों का बिजली का बिल माफ किया जाएगा, लेकिन सरकार प्रीपेड मीटर लगवाने जा रही है। पहले बिल देना पड़ेगा उसके बाद बिजली मिलेगी।
विस्तार
राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह ने कहा है कि प्रदेश सरकार किसान विरोधी है। लखीमपुर खीरी के किसानों को आज तक इंसाफ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि सरकार ने वादा किया था कि किसानों का बिजली का बिल माफ किया जाएगा, लेकिन सरकार प्रीपेड मीटर लगवाने जा रही है। पहले बिल देना पड़ेगा उसके बाद बिजली मिलेगी। जयंत ने कहा कि सरकार प्रदेश के हजारों स्कूलों का निजीकरण करने जा रही है। स्कूलों को ठेके पर देने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि पांच दिसंबर को मतदान वाले दिन अगर कोई गड़बड़़ी हुई तो सात से संसद का सत्र शुरू हो रहा है। संसद में मैं यहां के लोगों की आवाज को उठाऊंगा।
जयंत चौधरी शनिवार को किला मैदान में सपा प्रत्याशी आसिम राजा के समर्थन में एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इससे पहले मैं खतौली गया था वहां गर्मी थी। रामपुर में भी काफी गर्मी है, इस गर्मी को योगी जी कैसे निकालेंगे? मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए जयंत ने कहा कि उनको कभी हंसते नहीं देखा है। टेंशन में रहते हैं। क्या करें सरकार जो नहीं चला पा रहे हैं। जयंत ने कहा कि रामपुर की एक ऐसी आवाज है जिसकी गूंज दूर तक जाती है। इस आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि रामपुर की पहचान आजम खां से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि रामपुर की लड़ाई बड़ी है। यह संवैधानिक और वैचारिक लड़ाई है. जो आगे तक जाएगी। सभा स्थल पर मौजूद पुलिस कर्मियों को देखकर उन्होंने कहा कि न तो चौधरी चरण सिंह ने कभी सुरक्षा रखी और न ही अजीत सिंह ने। मैं भी सुरक्षा नहीं रखता हूं। यहां जो पुलिस कर्मी मौजूद हैं वो किसानों के बेटे हैं। हमारी उनसे कोई शिकायत नहीं है। हमारी तो उनसे यही उम्मीद है कि वो वर्दी का ख्याल रखेंगे।
आजम ने सीएम योगी को इस बात के लिए कहा शुक्रिया
इस मौके पर सपा नेता आजम खां ने नवाब परिवार पर जमकर हमला बोला। साथ ही कहा कि स्टेज पर मेरे अलावा कोई अपराधी नहीं है। जिन लोगों को आज भाजपा के स्टेज पर जगह मिल रही है वो आठ दिसंबर को दरी नहीं बिछाएंगे बल्कि उनको ठोकर मारकर वहां से निकाल दिया जाएगा। महिलाओं पर टिप्पणी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज होने का जिक्र करते हुए आजम ने कहा कि बहन मैं तो तुम्हारी लड़ाई लड़ रहा था। तुमने मेरे खिलाफ ही मुकदमा दर्ज करा दिया। हम तुम्हे माफ करते हैं। आजम खां ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का इस बात के लिए शुक्रिया अदा किया कि शुक्रवार को रामपुर की जनसभा में उनको अपने सेहत का ख्याल रखने की सलाह दी थी।
उन्होंने कहा कि मैंने सुना है कि योगी बीमार को देखने जाते हैं। मैं तो पांच साल तक अस्पताल में पड़ा रहा योगी नहीं आए। हमने गृह मंत्री से मिलने का वक्त मांगा नहीं दिया गया। आजम खां बोले, हम अपनी पत्नी और बच्चों के साथ विधानसभा के सामने खड़े हो जाते हैं हमे गोली मरवा दो। उन्होंने कहा कि पांच दिसंबर को रामपुर की जनता दिखा देगी कि वो किसके साथ है। प्रशासन कितना भी जुल्म कर ले लोग वोट डालने के लिए अपने घरों से निकलेंगे।
इस मौके पर सपा विधायक अब्दुल्ला आजम ने कहा कि जब आजम खां जेल में थे तो रामपुर के लोगों ने उनको 55 हजार वोटों से जीता दिया। आज जब आजम खां हमारे बीच मौजूद हैं तो सोचो आसिम राजा कितने वोटों से जीतेंगे। अब्दुल का जिक्र करते हुए कहा कि इस नाम की तो बहुत किरकिरी हो रही है। लोगों ने अपने बच्चे का नाम अब्दुल रखना छोड़ दिया है। जिन्होंने रख भी दिया है वो स्कूल में दाखिला कराने के समय बदलवा देंगे।