Saharanpur: पुराने रेलवे यार्ड में मिला युवक का सड़ा-गला शव, पहचाना मुश्किल, CCTV व खंगाल रही पुलिस
सहारनपुर के सदर बाजार थाना क्षेत्र में न्यू मक्खन कॉलोनी के पास पुराने रेलवे यार्ड में एक अज्ञात युवक का शव मिला है। शव की हालत खराब होने से पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस CCTV फुटेज और गुमशुदगी रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
विस्तार
शव की हालत खराब, पहचान में हो रही दिक्कत
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शव काफी पुराना प्रतीत हो रहा है और उसकी हालत बेहद खराब हो चुकी है, जिसके कारण मृतक की पहचान करना मुश्किल हो रहा है। मौके पर फील्ड यूनिट को बुलाकर जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं।
CCTV फुटेज और गुमशुदगी रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
एएसपी व सीओ द्वितीय मनोज कुमार यादव ने बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान कर रही है, ताकि मृतक की पहचान हो सके।
35 वर्ष के आसपास उम्र, हाथ में बंधा था काला धागा
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है। उसने जूते, जींस और टी-शर्ट पहन रखी थी तथा दाहिने हाथ में काले रंग का धागा बंधा हुआ था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
