पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
फ्री ई-पेपर
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Saharanpur News ›   CM Yogi warns, We will not allow anyone to play with Hindu faith, attacks on the SP and Congress

UP: मंच से CM ने चेताया-हिंदू आस्था से खिलवाड़ की छूट नहीं देंगे, सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना, पढ़ें-पूरा भाषण

Wed, 01 Jul 2026 03:50 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहारनपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहारनपुर Published by: Dimple Sirohi Updated Wed, 01 Jul 2026 03:50 PM IST
सार

CM Yogi Saharanpur Rally: Today: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर से 'स्कूल चलो अभियान-2026' के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। इस दौरान 613 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया तथा एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज और वुड कार्विंग को लेकर कई बड़ी घोषणाएं कीं।

विज्ञापन
CM Yogi warns, We will not allow anyone to play with Hindu faith, attacks on the SP and Congress
सहारनपुर में सीएम योगी आदित्यनाथ - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

सहारनपुर से 'स्कूल चलो अभियान' के द्वितीय चरण का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्हें बेसिक शिक्षा परिषद के इस अभियान की शुरुआत करने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान जब नन्हे-मुन्ने बच्चों को स्कूल जाने के लिए तैयार होते और उनके हाथों में नए स्कूल बैग दिए जाते देखा, तो यह दृश्य बेहद सुखद लगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि 'यह बैग केवल एक स्कूल बैग नहीं है, बल्कि नए भारत की वह उड़ान है, जिसके सहारे यही बच्चे विकसित भारत के सपने को साकार करेंगे।'

विज्ञापन


'मजबूत विरासत पर ही विकसित भारत की नींव रखी जा सकती है': मुख्यमंत्री योगी
सहारनपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिन विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हो रहा है, वही विकसित भारत की आधारशिला बनेंगी। उन्होंने कहा कि मजबूत विरासत की मजबूत नींव पर ही सुदृढ़ विकास का निर्माण संभव है और विकसित व आत्मनिर्भर भारत के लिए विरासत और विकास के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
विज्ञापन

 


मुख्यमंत्री ने लोगों को याद दिलाया कि 14 अप्रैल को बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहारनपुर आए थे और दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का लोकार्पण किया था। उन्होंने कहा कि करीब 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से बने इस ग्रीनफील्ड कॉरिडोर ने सहारनपुर की देश की राजधानी दिल्ली से कनेक्टिविटी को काफी बेहतर बनाया है। अब सहारनपुर से दिल्ली की यात्रा करीब डेढ़ घंटे में पूरी हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास केवल सड़क और इंफ्रास्ट्रक्चर तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अर्थव्यवस्था को भी नई गति देता है। उन्होंने कहा कि जितनी बेहतर सड़कें और कनेक्टिविटी होगी, विकास की रफ्तार उतनी तेज होगी और अर्थव्यवस्था भी उतनी ही मजबूत होकर आगे बढ़ेगी।

यह भी पढ़ें: UP: सहारनपुर में सीएम योगी बोले-ऐसी पीढ़ी तैयार करनी है जो देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाए

CM Yogi warns, We will not allow anyone to play with Hindu faith, attacks on the SP and Congress
CM Yogi - फोटो : अमर उजाला

सहारनपुर को जल्द मिलेगा अपना एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज का दूसरा चरण भी शुरू'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सड़क और रेलवे कनेक्टिविटी के बाद अब सहारनपुर हवाई कनेक्टिविटी के लिए भी तैयार हो रहा है। उन्होंने बताया कि सहारनपुर को जल्द अपना एयरपोर्ट मिलेगा, जिससे लोगों को दिल्ली या देहरादून जाकर उड़ान भरने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि अब सहारनपुर से ही हवाई सेवाएं शुरू होंगी और यह जिले के नए विकास की आधारशिला बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सहारनपुर में मेडिकल कॉलेज के प्रथम चरण का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि दूसरे चरण के विकास कार्यों की आधारशिला भी रखी जा रही है। इसके अलावा शहर में स्वच्छ पेयजल व्यवस्था और सीवेज प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की भी आधारशिला रखी जा रही है, ताकि नालों में बिना शोधन के गंदा पानी न बहे।

उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक बुनियादी सुविधाओं के जरिए विकास कैसे किया जाता है, इसका उदाहरण आज सहारनपुर बन रहा है।

'सहारनपुर की वुड कार्विंग वैश्विक पहचान बना रही, 600 करोड़ से अधिक का निर्यात'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद सहारनपुर के कारीगरों और हस्तशिल्पियों ने अपनी पारंपरिक वुड कार्विंग कला को जीवित रखा। उन्होंने कहा कि 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट (ODOP)' योजना के माध्यम से सहारनपुर की वुड कार्विंग को वैश्विक पहचान मिली है और आज यहां से 600 करोड़ रुपये से अधिक के वुड कार्विंग उत्पादों का निर्यात हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्यात क्षमता किसी भी देश की आर्थिक मजबूती का सबसे बड़ा आधार होती है। जितना अधिक निर्यात होगा, उतनी ही अधिक विदेशी मुद्रा देश में आएगी और भारत की अर्थव्यवस्था उतनी ही मजबूत होगी। उन्होंने इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले की कानून-व्यवस्था पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उस समय सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, अलीगढ़ और मथुरा जैसे शहर दंगों के लिए जाने जाते थे तथा कर्फ्यू आम बात बन गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कैराना और कांधला से पलायन की घटनाएं होती थीं, बेटियां और व्यापारी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करते थे तथा प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी। उन्होंने 2011-12 के दौरान मुरादाबाद में तत्कालीन विधायक पर हुए हमले का भी उल्लेख किया।

उपद्रवियों को सजा दिलाई, अब सहारनपुर में दंगे नहीं होते' : मुख्यमंत्री योगी
सहारनपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था को लेकर पिछली सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उनके मुकदमे वापस लेने का प्रयास किया गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने स्पष्ट नीति अपनाई कि उपद्रवियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में ऐसे उपद्रवियों को अदालत से सजा भी दिलाई गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब सहारनपुर में दंगे नहीं होते, बल्कि मां शाकंभरी धाम के भव्य कॉरिडोर का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हाल में भारी बारिश के दौरान संभावित जनहानि को रोकने के लिए वह स्वयं मौके पर पहुंचे थे और समय रहते अलर्ट जारी होने से नुकसान टालने में सफलता मिली।

उन्होंने कहा कि भविष्य में श्रद्धालुओं को हर मौसम में बिना किसी बाधा के मां शाकंभरी के दर्शन हो सकें, इसके लिए वहां एलिवेटेड कॉरिडोर और आधुनिक फैसिलिटेशन सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले यह केवल एक सपना था, लेकिन अब यह परियोजना धरातल पर उतर रही है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पहले संसाधनों के उपयोग के लिए स्पष्ट विजन नहीं था, जबकि अब वही धन धार्मिक पर्यटन और बुनियादी ढांचे के विकास पर खर्च किया जा रहा है।

CM Yogi warns, We will not allow anyone to play with Hindu faith, attacks on the SP and Congress
सीएम योगी की जनसभा - फोटो : अमर उजाला
विकास कार्यों का श्रेय जनप्रतिनिधियों को, विपक्ष पर भी साधा निशाना
सहारनपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रियता से जिले में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की पहल से नया बस स्टेशन, स्मार्ट सड़कें, आर्थिक कॉरिडोर और सरसावा एयरपोर्ट जैसी परियोजनाएं साकार हो रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव हारने वाले सांसदों ने भी विकास के मुद्दों पर सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर काम किया, जिसका लाभ पूरे क्षेत्र को मिल रहा है।

'जाति और क्षेत्र के नाम पर बांटने वालों से सावधान रहें'
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे जाति और क्षेत्र के नाम पर समाज को बांटने वाली राजनीति से सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि ऐसी राजनीति समाज को कमजोर करती है, जबकि विकास सभी को साथ लेकर चलने से संभव होता है।

हिंदू आस्था और धार्मिक स्थलों को लेकर विपक्ष पर हमला
मुख्यमंत्री योगी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पूर्व में इन दलों ने हिंदू आस्था से जुड़े मुद्दों का विरोध किया। उन्होंने कहा कि काशी, अयोध्या, मथुरा-वृंदावन और अन्य धार्मिक स्थलों के विकास कार्यों का विरोध किया गया तथा राम मंदिर आंदोलन के दौरान भी विरोध का रुख अपनाया गया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हिंदू आस्था के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही स्पष्ट किया कि यदि कोई अपराध करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी, लेकिन हिंदू आस्था के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कांवड़ यात्रा और धार्मिक आयोजनों का भी किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय कांवड़ यात्रा, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और दुर्गा पूजा जैसे धार्मिक आयोजनों पर प्रतिबंध या रोक लगाने के प्रयास किए जाते थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए मंदिरों के सौंदर्यीकरण, कॉरिडोर निर्माण और तीर्थस्थलों के विकास पर लगातार काम कर रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि आज अयोध्या का विकास भारतीय संस्कृति और आस्था के गौरव का प्रतीक बनकर उभर रहा है।

'डबल इंजन सरकार आस्था और विकास, दोनों को साथ लेकर चल रही' : मुख्यमंत्री योगी
सहारनपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार आस्था और विकास को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने अयोध्या का उदाहरण देते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले वहां संकरी गलियां थीं, जबकि अब चारों ओर फोरलेन सड़कें, ब्रॉडगेज रेल कनेक्टिविटी और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि के नाम पर एयरपोर्ट का नामकरण भी सरकार की सांस्कृतिक विरासत के सम्मान का प्रतीक है।

संत रविदास, महर्षि वाल्मीकि और बाबा साहब के सम्मान को लेकर विपक्ष पर हमला
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने महर्षि वाल्मीकि, संत रविदास और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर जैसे महापुरुषों के सम्मान के लिए ठोस कार्य नहीं किए। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने काशी के सीर गोवर्धन में संत रविदास की जन्मस्थली पर भव्य कॉरिडोर, प्रतिमा, अन्न क्षेत्र और फोरलेन कनेक्टिविटी विकसित कराई है। साथ ही आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने कन्नौज मेडिकल कॉलेज से बाबा साहब का नाम तक हटा दिया था।

CM Yogi warns, We will not allow anyone to play with Hindu faith, attacks on the SP and Congress
सीएम योगी की जनसभा - फोटो : अमर उजाला
'युवाओं के रोजगार और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है सरकार'
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार युवाओं को रोजगार और महिलाओं की सुरक्षा व स्वावलंबन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में होने वाली सरकारी भर्तियों में सहारनपुर के युवाओं को भी पारदर्शी तरीके से नियुक्ति पत्र मिल रहे हैं। पुलिस भर्ती समेत विभिन्न विभागों में जिले के युवाओं को अवसर मिलना सरकार की निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया का प्रमाण है।

'सहारनपुर उपेक्षित नहीं, विकास सरकार की प्राथमिकता'
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह सहारनपुर बार-बार इसलिए आते हैं ताकि यहां के लोगों को यह महसूस न हो कि प्रदेश के अंतिम छोर पर होने के कारण उनके साथ उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी मजबूती के साथ सहारनपुर के विकास के लिए खड़ी है और यही विकास युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगा।

620 करोड़ की परियोजनाओं की दी सौगात, जनता का जताया आभार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर नगर और ग्रामीण क्षेत्र की जनता को करीब 620 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने पर बधाई दी। उन्होंने खराब मौसम और बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचे लोगों का आभार जताया। साथ ही मानसून को किसानों के लिए आवश्यक बताते हुए अच्छी बारिश से बेहतर फसल और देश की खाद्य सुरक्षा मजबूत होने की बात कही। अंत में उन्होंने स्थानीय विधायक राजीव गुंबर सहित सभी जनप्रतिनिधियों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सहारनपुर में विकास की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed