देवबंद में हत्या: दोस्तों ने घर से बुलाया, खेत में मिला शव... हाईवे पर दो घंटे जाम, लाठीचार्ज और पथराव
देवबंद में 18 वर्षीय शिवा की हत्या के बाद परिजनों और लोगों ने सहारनपुर-मुजफ्फरनगर हाईवे पर दो घंटे तक जाम लगाया। पुलिस ने लाठीचार्ज कर जाम खुलवाया। पथराव भी हुआ। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या का खुलासा किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देवबंद में गांधी कॉलोनी (हरिनगर) निवासी 18 वर्षीय शिवा की गला दबाकर हत्या कर दी गई। पोस्टमार्टम के बाद शव देवबंद पहुंचने पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर शव रखकर करीब दो घंटे तक जाम लगाया। प्रदर्शन हटाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव भी किया। पुलिस ने देर शाम एक आरोपी को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा किया।
दोस्तों के बुलाने पर घर से निकला, खेत में मिला शव
पुलिस के अनुसार गांधी कॉलोनी निवासी शिवा रविवार रात करीब 10 बजे अपने चार दोस्तों के बुलाने पर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। सोमवार देर रात कश टीचर कॉलोनी के पीछे एक खेत में उसका शव बरामद हुआ। परिजनों ने आरोप लगाया कि शिवा की हत्या उसके दोस्तों ने की है।
यह भी पढ़ें: Meerut: 22 साल का रिकॉर्ड टूटा, 585.5 मिमी बारिश से शहर बेहाल; सड़कें बनीं तालाब, घरों में घुसा नालों का पानी
शव रखकर हाईवे जाम, पुलिस से झड़प
मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव देवबंद पहुंचा तो बड़ी संख्या में लोग सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे स्थित श्री साईंधाम मंदिर के सामने पहुंच गए। उन्होंने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया और आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की।
एसएसपी अभिनंदन सिंह और एसपी देहात मयंक पाठक ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वार्ता विफल रही। करीब दो घंटे बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को हटाया और यातायात बहाल कराया। इस दौरान एक महिला समेत कई लोगों को मामूली चोटें आईं। लाठीचार्ज के दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव भी किया।
15 दिन पुराने विवाद का बदला
एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी तेजस को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में सामने आया कि करीब 15 दिन पहले शिवा और सूर्यांश के बीच तमंचा दिखाने को लेकर विवाद हुआ था। इस विवाद के बाद दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई थी।
पुलिस के अनुसार इसी रंजिश में तेजस, आदि उर्फ आदित्य, सूर्यांश और आकाश ने शिवा की हत्या की योजना बनाई। रविवार रात बातचीत के बहाने उसे घर से बुलाया, गला दबाकर हत्या कर दी और शव को गन्ने के खेत में छिपा दिया।
चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा
मृतक के पिता जयप्रकाश की तहरीर पर जदौड़ा जट्ट निवासी आदि, शास्त्री चौक निवासी सूर्यांश, गांधी कॉलोनी निवासी आकाश और एक अन्य आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी तेजस को गिरफ्तार कर लिया गया है। जाम के दौरान कुछ लोगों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की थी, लेकिन स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों की दबिश जारी है।