Saharanpur: पानी की टंकी के पास धूं-धूकर जली कार, कंबल और रस्से ने बढ़ाया रहस्य, बड़ी वारदात की आशंका
सहारनपुर के नकुड़ क्षेत्र स्थित मल्लाह माजरा गांव में पानी की टंकी के पास एक कार जली हुई मिली। घटनास्थल से कंबल और रस्सा मिलने के बाद पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और बड़ी वारदात की आशंका से इनकार नहीं कर रही।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सहारनपुर के नकुड़ क्षेत्र स्थित मल्लाह माजरा गांव में मंगलवार तड़के एक रहस्यमय घटना सामने आई। गांव की पानी की टंकी के पास एक कार धू-धू कर जलती हुई मिली। घटनास्थल के पास संदिग्ध वस्तुएं मिलने के बाद पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुट गई है। प्रारंभिक परिस्थितियों को देखते हुए किसी बड़ी वारदात की आशंका भी जताई जा रही है।
खेतों पर जा रहे किसानों ने देखीं आग की ऊंची लपटें
ग्रामीणों के अनुसार सुबह करीब चार बजे कुछ किसान खेतों में पानी देने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पानी की टंकी के पीछे स्थित बाउंड्रीवाल के बाहर उन्हें आग की कई फीट ऊंची लपटें दिखाई दीं। जब किसान मौके के करीब पहुंचे तो देखा कि एक कार पूरी तरह आग की चपेट में थी। आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ भी घटनास्थल पर जुट गई।
बताया गया कि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही कार लगभग पूरी तरह जल चुकी थी। आग इतनी भीषण थी कि वाहन का अधिकांश हिस्सा राख में तब्दील हो गया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कार पर लगी नंबर प्लेट हरियाणा राज्य में पंजीकृत एक आल्टो कार की बताई जा रही है, जबकि जला हुआ वाहन इक्को कार प्रतीत हो रहा है, जिसमें सीएनजी के दो सिलिंडर लगे हुए थे। इस तथ्य ने मामले को और अधिक उलझा दिया है।
कंबल और रस्से मिलने से बढ़ा संदेह
घटनास्थल के निकट पानी की टंकी की बाउंड्रीवाल के अंदर दो कंबल और एक रस्सा भी पड़ा मिला है। इन वस्तुओं की बरामदगी के बाद पुलिस मामले को सामान्य वाहन दुर्घटना या आगजनी की घटना मानकर नहीं चल रही है। पुलिस को आशंका है कि वाहन को कहीं और से लाकर यहां जलाया गया हो सकता है। इस संभावना को ध्यान में रखते हुए जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है।
हरियाणा सीमा से जुड़े मार्गों की खंगाली जा रही फुटेज
जांच एजेंसियां हरियाणा सीमा से जुड़े रास्तों और आसपास लगे निगरानी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वाहन किसका है, वह यहां कैसे पहुंचा और उसे आग के हवाले करने के पीछे क्या कारण था। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा।
क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी घटना
कार जलने और घटनास्थल से संदिग्ध वस्तुएं मिलने के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। ग्रामीण भी घटना को लेकर हैरानी जता रहे हैं। फिलहाल पुलिस जांच रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की परतें खोलने में जुटी हुई है।