Saharanpur: खेत में भूसा लेने गया था बच्चा, कुत्तों के झुंड ने घेरकर नोचा, आठ साल के मासूम की दर्दनाक मौत
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में आवारा कुत्तों के झुंड ने 8 साल के बच्चे पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। फतेहपुर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में आवारा कुत्तों के हमले की एक दर्दनाक घटना सामने आई है। फतेहपुर थाना क्षेत्र में आवारा कुत्तों के झुंड ने आठ साल के बच्चे को नोंचकर मार डाला। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। पुलिस के अनुसार यह घटना सोमवार शाम की है। मृतक बच्चे की पहचान लविस के रूप में हुई है, जो तीसरी कक्षा का छात्र था।
खेत में भूसा लेने गया था बच्चा
पुलिस के मुताबिक लविस अपने गांव के बाहरी छोर पर एक खेत में गेहूं का भूसा इकट्ठा करने गया था। उसी दौरान जब वह खेत में अकेला था, तभी आवारा कुत्तों के एक झुंड ने उस पर हमला कर दिया। फतेहपुर थाने के स्टेशन हाउस ऑफिसर वीरेंद्र सिंह राणा ने बताया कि कुत्तों ने बच्चे को बुरी तरह नोच लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह भी पढ़ें: UP: 70 हजार के विवाद में हत्या, मां और तीन बेटों को फांसी की सजा, शेखर मर्डर केस में कोर्ट का बड़ा फैसला
अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो गई मौत
परिवार को सूचना मिलने के बाद लविस को तुरंत एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों की ओर से मिली लिखित शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गांव में दहशत, ग्रामीणों ने उठाए सवाल
लविस चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था। उसके पिता गांव में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर ईंटें लादने का काम करते हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार स्थानीय प्रशासन से आवारा कुत्तों के आतंक की शिकायत की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए प्रशासन से तुरंत कदम उठाने की मांग की है।
