UP: शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का योगी सरकार पर वार, कहा- गोरक्षा के नाम पर छलावा
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार को गोरक्षा के मुद्दे पर पूरी तरह विफल बताया है। उन्होंने कहा कि गोरक्षा के नाम पर बड़े-बड़े दावे किए गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि गोरक्षा के नाम पर दावे बहुत हुए, लेकिन धरातल पर हालात बदतर हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ स्वयं गोरखनाथ मठ के महंत हैं, इसलिए गोमाता की रक्षा को लेकर उनसे देश में सबसे अधिक अपेक्षाएं थीं, लेकिन वह इस कसौटी पर खरे नहीं उतर पाए। आरोप लगाया कि प्रदेश में गोवंश की दुर्दशा, गो तस्करी और गोहत्या की घटनाएं चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि जनता स्वयं छुरी नहीं चलाती, बल्कि अपने वोट के रूप में सत्ता को अधिकार देती है और यदि गोरक्षा नहीं हो पा रही है तो उसकी जवाबदेही सरकार पर ही बनती है। शंकराचार्य ने कहा कि सत्ता में बैठे लोगों से प्रश्न पूछना और उन्हें सही दिशा दिखाना संत समाज का दायित्व है।
गोरक्षा का संदेश लेकर निकाली जा रही गविष्टि (गो-रक्षार्थ धर्मयुद्ध) यात्रा शनिवार को जिले में रही। नानौता, गंगोह, अंबेहटा, बेहट और पुंवारका में यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। गंगोह में बड़ा हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ शंकराचार्य का भव्य स्वागत किया। यहां शंकराचार्य ने राजू पंडित सांगाठेड़ा को गंगोह विधानसभा क्षेत्र का गोरक्षा प्रभारी नियुक्त किया। सांसद इमरान मसूद की ओर से पूर्व चेयरमैन नोमान मसूद और हमजा मसूद द्वारा उनकी यात्रा को समर्थन देने का पत्र भी सौंपा गया।
नानौता के गंगोह रोड स्थित श्रीराधा कृष्ण चाननदास पंजाबी धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में शंकराचार्य ने कहा कि गोसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति दायित्व भी है। उन्होंने उपस्थित लोगों को हाथ उठवाकर गो संरक्षण, गो संवर्धन और सनातन संस्कृति की रक्षा की शपथ दिलाई। इस दौरान नरेंद्र शर्मा, प्रेमपाल शर्मा, नीरज शर्मा, कैलाश नामदेव, डॉ. एनसी शर्मा, रामकिशन सैनी, लाल सिंह, अंकुर जैन, दर्शन लाल अरोड़ा, नोनू नामदेव, अमित गर्ग उर्फ पिंटू आदि रहे।
पुंवारका में जनता रोड पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप राणा ने पत्नी रेखा राणा के साथ शंकराचार्य की चरण वंदना की। यहां आत्मानुभवी महाराज, दीपक अग्निहोत्री, उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी नितिन शर्मा, जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा, सुरेश पुंडीर, रजनीश प्रधान, जिला सचिव कुणाल शांडिल्य, कार्तिकेय राणा, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव प्रवीण चौधरी, पूर्व महानगर अध्यक्ष वरुण शर्मा रहे।
अंबेहटा पहुंचने पर अजीत सिंह सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के पास लोगों ने शंकराचार्य की जय जयकार करते हुए माला भेंट की। इस दौरान शंकराचार्य ने गो रक्षा का संकल्प दिलाते हुए गो माता के खिलाफ आचरण करने वाले लोगों का साथ न देने की बात कही। इस दौरान बालिस्टर सिंह, धर्मेंद्र कुमार, केशव प्रसाद, नित्यानंद शर्मा, अनुज कुमार आदि मौजूद रहे।
बेहट पहुंचे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का शाकंभरी रोड स्थित उत्तम पैलेस में भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने गो माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिए जाने और गो हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की है। कार्यक्रम में सिद्धपीठ शाकंभरी देवी स्थित शंकराचार्य आश्रम के व्यवस्थापक मंहत सहजानंद ब्रह्मचारी, पंडित संजय प्रपन्नाचार्य, दद्दा आश्रम के व्यवस्थापक भावानंद महाराज, शाश्वत कौशिक, बाबूराम धीमान, पहल सिंह राठौर आदि मौजूद रहे।