UP SI Exam: पुलिस उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा में नकल करते पकड़े गए दो सिपाही, एक-दूसरे की बदल रहे थे ओएमआर शीट
पुलिस के मुताबिक, शनिवार को पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक थी। इसमें अपराह्न करीब 11:40 बजे राजकीय कन्या इंटर कॉलेज लिंक रोड पर अभ्यर्थी अभिषेक निवासी किशनपुर बराल थाना रमाला बागवत और रोबिन खोखर निवासी मोहल्ला बंगला छपरौली जिला बागपत ओएमआर शीट बदलकर नकल कर रहे थे।
विस्तार
यूपी के सहारनपुर स्थित राजकीय कन्या इंटर कॉलेज लिंक रोड में पुलिस उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा दे रहे दो सिपाही नकल करते पकड़े गए। दोनों एक-दूसरे की ओएमआर शीट बदलकर परीक्षा दे रहे थे। उनके खिलाफ प्रधानाचार्य की ओर से शहर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार भी किया है। दोनों बागपत के रहने वाले हैं।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार को पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक थी। इसमें अपराह्न करीब 11:40 बजे राजकीय कन्या इंटर कॉलेज लिंक रोड पर अभ्यर्थी अभिषेक निवासी किशनपुर बराल थाना रमाला बागवत और रोबिन खोखर निवासी मोहल्ला बंगला छपरौली जिला बागपत ओएमआर शीट बदलकर नकल कर रहे थे। इनका पता लखनऊ से जुड़े कैमरों से चला।
इनमें से अभ्यर्थी अभिषेक मुरादाबाद की 24 बटालियन पीएसी में तैनात है, जबकि रोबिन खोखर बिजनौर में न्यायिक अधिकारी के यहां कार्यरत है। इनके खिलाफ केंद्र प्रभारी एवं राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य अनीता सिंह ने शहर कोतवाली में तहरीर दी। इस पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 303(2) व 318(4) भारतीय न्याय संहिता और सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 की धारा 4(1) व 13(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। इस मामले की जांच उप निरीक्षक महेंद्र चौहान को सौंपी गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने अन्य पहलुओं पर भी जांच शुरू कर दी है।
परीक्षा के दौरान शहर में रहा जाम, स्पेशल ट्रेन में सीट की जद्दोजहद
पुलिस उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा दो पालियों में होने से शहर में दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। देहरादून रोड, रेलवे रोड, घंटाघर से श्रीराम चौक और अंबाला रोड पर जाम रहा। ऐसे में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, रेलवे की ओर से चलाई गई परीक्षा स्पेशल ट्रेन भी खचाखच भरकर चली। अप-डाउन में ट्रेन बंपर भीड़ रही। हालत यह थी कि सीट मिलना तो दूर चढ़ना भी मुश्किल हुआ।
परीक्षा केंद्र राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में दो अभ्यर्थी आपस में ओएमआर शीट बदलकर नकल कर रहे थे। दोनों बागपत जिले के रहने वाले हैं और पुलिस विभाग में अलग-अलग जिलों में तैनात हैं। दोनों के खिलाफ शहर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है। -अभिनंदन सिंह, एसएसपी