UP: कांवड़ में सजे 3.20 लाख रुपये के नोट, सुरक्षा में चल रही पुलिस; यात्रा पूरी होने पर शिवभक्त करेगा ये काम
कांवड़ यात्रा में आस्था का अनोखा रंग देखने को मिला है। जगाधरी निवासी मोनू और जगदीप 3.20 लाख रुपये के नोटों से सजी कांवड़ लेकर हरिद्वार से अपने गंतव्य की ओर जा रहे हैं। कांवड़ पर लाखों रुपये की नकदी लगी होने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने दोनों कांवड़ियों की सुरक्षा बढ़ा दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सहारनपुर जनपद के गागलहेड़ी में कांवड़ यात्रा मार्ग पर इन दिनों आस्था के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। इसी बीच जगाधरी निवासी दो कांवड़िए अपनी अनोखी कांवड़ को लेकर चर्चा में हैं। हलवाई का काम करने वाले मोनू और जगदीप ने अपनी कांवड़ को 3.20 लाख रुपये के नोटों से सजाया है।
दोनों हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे हैं। उन्होंने कांवड़ को विशेष रूप से तैयार कराया है। इसके अलग-अलग हिस्सों में नोट लगाए गए हैं। नोटों से सजी कांवड़ देखकर कांवड़ मार्ग से गुजर रहे लोग भी रुककर इसे देखने लगे।
यह भी पढ़ें: Kanwad Yatra: मंजिल शिवालय-कदमों में तूफान; दर्द पर भारी आस्था, समय से पहले पहुंचने को दौड़ रहे डाक कांवड़िए
राहगीरों के बीच चर्चा का विषय बनी कांवड़
कांवड़ पर इतनी बड़ी रकम लगी देखकर राहगीर और अन्य शिवभक्त भी इसके बारे में जानकारी लेते नजर आए। कांवड़ जहां से गुजर रही है, वहां लोगों के बीच इसकी चर्चा हो रही है।
नोटों से सजी कांवड़ की जानकारी पुलिस तक पहुंचने के बाद सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी गई। थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिसकर्मियों को दोनों कांवड़ियों की सुरक्षा में लगा दिया।
कांवड़ियों के साथ चल रही पुलिस
कांवड़ में लाखों रुपये की नकदी लगी होने के कारण पुलिसकर्मी दोनों कांवड़ियों के साथ रहकर उनकी सुरक्षा पर नजर रख रहे हैं। पुलिस का उद्देश्य यात्रा के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना को रोकना है।
कांवड़ मार्ग पर भीड़ के बीच दोनों कांवड़ियों की आवाजाही को देखते हुए पुलिस उनकी सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है। इस दौरान कांवड़ को देखने के लिए लोगों की भीड़ भी जुट रही है।
यात्रा पूरी होने के बाद शिव मंदिर में करेंगे दान
मोनू और जगदीप का कहना है कि उन्होंने यह कांवड़ भगवान भोलेनाथ के प्रति अपनी श्रद्धा और आस्था के चलते तैयार की है। उनके अनुसार, कांवड़ पर लगी रकम धन प्रदर्शन के लिए नहीं, बल्कि भगवान शिव के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
दोनों कांवड़ियों ने बताया कि यात्रा पूरी होने के बाद कांवड़ में लगी 3.20 लाख रुपये की रकम को अपने क्षेत्र के शिव मंदिर में दान कर देंगे। नोटों से सजी यह अनोखी कांवड़ फिलहाल कांवड़ यात्रा मार्ग पर लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।