Weather Update: शाहजहांपुर में ठंड ने तोड़ा छह साल का रिकॉर्ड, 12.6 डिग्री सेल्सियस पहुंचा अधिकतम तापमान
शाहजहांपुर में अधिकतम पारा 12.6 डिग्री सेल्सियस पहुंचने से रविवार साल का सबसे ठंडा दिन रहा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में केवल 2.1 डिग्री का अंतर रह गया। पिछले छह वर्षों का यह सबसे कम अधिकतम तापमान है। रविवार को दिन में धूप नहीं निकली और शीतलहर के असर से लोगों की कंपकंपी छूट गई। सोमवार को भी सुबह से कोहरा छा गया। धूप निकलने के आसार नहीं है। गन्ना शोध संस्थान के मुताबिक अभी तापमान में और गिरावट होने का अनुमान है।
गन्ना शोध संस्थान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि वर्ष 2019 में दिसंबर माह में अधिकतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रहा था। छह वर्ष बाद रविवार को 12.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। रविवार सुबह कोहरे के कारण दृश्यता 250 मीटर रह गई। पूर्वी हवा चलती रही। रविवार को अधिकतम तापमान 12.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शनिवार को अधिकतम तापमान 15.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस रहा था। अधिकतम तापमान में 2.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 1.1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। वायुदाब 11 मिलीबार बढ़ा है। इससे हवा सामान्य से तेज चलने के आसार बन रहे हैं। कोहरा और घना होने के साथ तापमान में गिरावट होने का अनुमान है।
दिसंबर माह में सबसे कम रहा अधिकतम तापमान
वर्ष तापमान
2019 10.2
2020 14.4
2021 18.0
2022 13.6
2023 14.5
2024 14.8
2025 12.6
आलू और सरसों में झुलसा लगने की बढ़ी आशंका
कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एनसी त्रिपाठी ने बताया कि कोहरा और पाला पड़ने से आलू और सरसों की फसल में झुलसा लगने की आशंका बढ़ गई है। गन्ने की फसल के लिए मौसम अच्छा है। सब्जियों के खेत में नमी बनाए रखने की जरूरत है। अन्य किसी फसल को नुकसान होने की आशंका कम है।
मेडिकल कॉलेज में चाय का वितरण
भगवा सुंदरकांड परिवार की ओर से राजकीय मेडिकल कॉलेज में चाय का वितरण नौवें दिन भी जारी रहा। रविवार की शाम भगवा सेवकों ने कड़कड़ाती ठंड में जरूरतमंदों को चाय पिलाई। आशीष मिश्रा ने बताया कि भगवा सुंदरकांड परिवार की ओर से प्रतिवर्ष 20 दिसंबर से चाय वितरण का कार्यक्रम प्रारंभ होता हैं और पूरे सर्दी के मौसम में अनवरत चलता रहता है। इस दौरान प्रीतम गुप्ता, स्वतंत्र शुक्ला, रामकुमार, अभिषेक अवस्थी, संदीप आदि का सहयोग रहा।
