UP News: शादी में न बुलाने पर युवक ने ट्रैक्टर से तोड़ा बरातघर का गेट, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई करतूत
शाहजहांपुर के मीरानपुर कटरा क्षेत्र से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। लड़का पक्ष ने शादी में नहीं बुलाया तो गुस्से युवक ने ट्रैक्टर से टक्कर मारकर बरातघर का गेट तोड़ डाला। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
विस्तार
शाहजहांपुर के मीरानपुर कटरा में एक युवक ने शादी समारोह में आमंत्रित न किए जाने से नाराज होकर मैरिज लॉन का गेट ट्रैक्टर से तोड़ दिया। यह घटना रविवार देर रात हुई। आरोपी का करतूत सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली, जिसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
तिलहर थाना क्षेत्र के एक युवक की शादी बरेली के भुता गांव में तय हुई थी। शादी का समारोह रविवार रात कटरा-खुदागंज हाईवे पर स्थित एक मैरिज लॉन में आयोजित किया गया था। कटरा निवासी युवक को इस शादी में न्योता नहीं किया गया था, जबकि उसकी पत्नी लड़का पक्ष की तरफ से शादी समारोह में शामिल होने आई थी। इसी बात से नाराज होकर युवक रात करीब बारह बजे के बाद अपना ट्रैक्टर लेकर मैरिज लॉन पहुंचा।
मौके पर पहुंची पुलिस ने संभाली स्थित
युवक ने गुस्से में आकर ट्रैक्टर से मैरिज लॉन के मुख्य गेट को टक्कर मार दी, जिससे पूरा गेट टूट गया। यह पूरी घटना मैरिज लॉन में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई और देर रात ही आपसी सहमति से मामले का निपटारा कर लिया गया।
दो पक्षों में हुआ समझौता
मीरानपुर कटरा थाने के इंस्पेक्टर अवधेश सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में कोई लिखित शिकायत या तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई। देर रात ही आपसी सहमति से मामले का निपटारा कर लिया गया। इस समझौते के बाद कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।
