Shahjahanpur News: संदिग्ध हालात में गन्ना ग्रामसेवक की मौत, सुसाइड नोट में चीनी मिल अफसरों को बताया जिम्मेदार
शाहजहांपुर में बजाज ग्रुप की मकसूदापुर स्थित चीनी मिल के सीजनल गन्ना ग्रामसेवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव कमरे में पड़ा मिला। कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें मिल के वरिष्ठ अधिकारियों पर आरोप लगाए गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शाहजहांपुर जनपद में बजाज ग्रुप की मकसूदापुर स्थित चीनी मिल के सीजनल गन्ना ग्रामसेवक मनोज गंगवार (45 वर्ष) की रविवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। डीएम को संबोधित सुसाइड नोट मिलने पर मनोज की पत्नी नीरज ने बंडा थाने में बजाज ग्रुप के अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई है। इसमें एमडी अजय शर्मा, यूनिट हेड भूपेंद्र सिंह और बजाज शुगर हिंदुस्तान लिमिटेड प्रबंधन पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया है।
भंवरखेड़ा जिगनिया गांव के मनोज चीनी मिल में वर्ष 2010 से सीजनल स्थायी श्रेणी में कार्यरत थे। पत्नी नीरज बच्चों को पढ़ाने के लिए पिछले कुछ समय से पीलीभीत के बीसलपुर कस्बे में रह रहीं थीं। वहां वह साप्ताहिक छुट्टी वाले दिन ही जाते थे। सोमवार सुबह करीब सात बजे पत्नी ने उन्हें कॉल की, मगर रिसीव नहीं हुई। इस पर पत्नी नीरज ने मनोज के पड़ोसी मदन को फोन कर पता लगाने के लिए कहा। घर का दरवाजा अंदर से बंद मिलने पर मदन दीवार फांदकर अंदर पहुंचे तो मनोज मृत हालत में पड़े मिले। नीरज के मुताबिक मदन ने यह जानकारी देते हुए बताया कि शव के पास खून की उल्टी मिली और उनकी शौच में भी खून दिखा है।
यह पता चलने पर नीरज पुत्री सृष्टि और पुत्र सक्षम के साथ घर पहुंचीं। इस बीच सूचना पर पुलिस भी फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंच गई। वहां मिले सुसाइड नोट में मनोज ने चीनी मिल के एमडी अजय शर्मा और यूनिट हेड भूपेंद्र सिंह पर परेशान करने और नौकरी से निकालने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
फोन में है रिकॉर्डिंग
मनोज ने सुसाइड नोट में मोबाइल फोन में रिकॉर्डिंग होने का जिक्र किया। रिकॉर्डिंग में उन्होंने सोच-समझकर कार्रवाई करने के लिए लिखा है। साथ ही डीएम से पीएफ और बीमा की धनराशि दिलाने की गुहार भी लगाई है। मनोज के पिता ब्रह्मदत्त और माता की मौत के बाद चार भाइयों में दो की पहले ही मौत हो चुकी है। वह भाइयों में दूसरे नंबर के थे। उनका छोटा भाई संदीप हरिद्वार में मजदूरी करता है।
ये आरोप लगाए
पत्नी नीरज ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा है कि कंपनी के अधिकारियों की प्रताड़ना और संस्थान के दबावपूर्ण वातावरण से तंग आकर उनके पति ने आत्महत्या की है। ऑडियो रिकॉर्डिंग में यूपी शुक्ला (उमेश प्रताप शुक्ला) का भी जिक्र किया है। ये अधिकारी उन्हें आए दिन नौकरी से निकालने की धमकी देते थे। एक बार नौकरी से निकाल भी चुके थे। आरोप लगाया कि बजाज कंपनी प्रबंधन ने भी अपने अधिकारियों के इस उत्पीड़न को रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
एसपी ग्रामीण भंवरे दीक्षा अरुण ने बताया कि मनोज की पत्नी की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।