Shamli: प्रेम प्रसंग में की गई आशु की हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार, हत्या की बनी ये वजह
शामली के कांधला में हुई आशु की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया। आरोपी आकाश को गिरफ्तार करते हुए एसपी ने बताया कि आशु गांव की ही एक युवती से प्रेम करता था और उसी गांव का दूसरा युवक शंकर भी उसी युवती से प्रेम करता था। शंकर ने अपने दोस्त आकाश के साथ मिलकर आशु की गोली मारकर हत्या कर दी।
विस्तार
शामली में कांधला क्षेत्र के गांव खंद्रावली निवासी आशु की हत्या का पुलिस ने शनिवार देर रात खुलासा करते हुए एक आरोपी आकाश कुमार निवासी मोहल्ला गडरियान कस्बा शाहपुर जिला मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त तमंचा, दो कारतूस व बाइक बरामद की है। एसपी एनपी सिंह ने बताया कि आरोपी आकाश ने पुलिस पूछताछ में बताया कि आशु अपने गांव की युवती से प्रेम करता था। युवती की बुआ के लड़के का दोस्त शंकर निवासी मोहल्ला गडरियान शाहपुर जिला मुजफ्फरनगर भी उसी युवती से प्रेम करता था। आशु व शंकर एक दूसरे से पूर्व से परिचित थे। प्रेम प्रसंग को लेकर कुछ माह पहले आशु ने शंकर की पिटाई कर दी थी। इस बात से क्षुब्ध होकर शंकर ने आशु से बदला लेने के लिए अपने दोस्त आकाश के साथ मिलकर आशु की गोली मारकर हत्या कर दी।
पहले आशु का बाइक से किया पीछा
एसपी ने बताया कि आशु जब शामली से बाइक से चला था तभी से वे उसके पीछे लगे थे। खंद्रावली मोड़ पर बाग के पास जाकर दोनों आरोपियों ने आशु को रोक लिया और तमंचे से सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर मौके से भाग गए है। दूसरे आरोपी शंकर की तलाश में पुलिस टीमें लगी, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ खुलासा
आशु का शव बुधवार रात को दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर मिला था। पुलिस पहले इसे हादसे में मौत होना मान रही थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली मारकर हत्या करने का खुलासा हुआ था। शनिवार सुबह परिजनों व ग्रामीणों ने खंद्रावली चौकी के सामने हाईवे पर शव रखकर जाम लगाकर हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। पुलिस ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देकर जाम खुलवाया था।
