सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Shamli News ›   Ayush's AI-generated video goes viral.

Shamli News: आयुष का एआई से बनाया गया वीडियो वायरल

संवाद न्यूज एजेंसी, शामली Updated Mon, 15 Jun 2026 12:06 AM IST
विज्ञापन
Ayush's AI-generated video goes viral.
विज्ञापन
शामली। दवा कारोबारी देवराज मलिक के इकलौते पुत्र आयुष मलिक के धर्मांतरण प्रकरण में शनिवार को सोशल मीडिया पर आए एक वीडियो को एआई से जेनरेट होने का आरोप लगाते हुए वार्ड 23 के सभासद निशिकांत संगल की ओर से कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। बताया गया कि वीडियो मोहम्मद नूरशामा की आईडी से वायरल हुआ था। दूसरे मामले में आयुष को अपना भाई बताने वाली महिला के खिलाफ भी पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।

आयुष से निकाह कर उसका धर्मांतरण कराने के मामले में सोशल मीडिया पर आए दिन पोस्ट और वीडियो वायरल हो रहे हैं। भ्रामक व भड़काऊ पोस्ट व वीडियो डालने वालों पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन

शनिवार शाम को सोशल मीडिया पर आयुष मलिक का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें कहा जा रहा है कि लोग कहते है कि वह चांदनी कुरैशी से शादी करने के लिए मुसलमान बना है, यह बिल्कुल गलत है। वह सिरतों को पढ़कर व सुनकर मुसलमान बना है...। नगर पालिका के वार्ड के सभासद मोहल्ला धर्मपुरा निशिकांत संगल ने इस वीडियो को एआई से बनाने का आरोप लगाते हुए शहर कोतवाली में तहरीर दी। बताया कि वीडियो मोहम्मद नूर शामा के नाम की आईडी से वायरल हुआ है। आईडी का मोबाइल नंबर महाराष्ट्र के नूरशामा के नाम है। पुलिस ने भ्रामक पोस्ट वायरल करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
विज्ञापन

उधर, शनिवार को ही एक महिला का वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह कह रही है कि मेरे भाई को कोई परेशान न करें। वह अपनी मर्जी से मुसलमान बना है। उसके पीछे कोई न पड़े। इस मामले में आयुष के पिता देवराज मलिक ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करते हुए बताया कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रही महिला उनके परिवार की नहीं है और न ही वह आयुष की बहन है। एसपी एनपी सिंह ने बताया कि इस मामले में अज्ञात महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
आयुष पुलिस कस्टडी में... पोस्ट वायरल
सोशल मीडिया पर रविवार को मुनव्वर शाह नाम के यूजर ने पोस्ट साझा की जिसमें लिखा कि मोहम्मद अली उर्फ आयुष मलिक पिछले तीन दिनों से पुलिस कस्टडी में है। उसकी दाढ़ी और बाल साफ करवा दिए गए हैं। आर्य समाज मंदिर में पूजा और शुद्धिकरण के बाद उसकी घर वापसी होगी। उसकी बातों से पहले ऐसा नहीं लग रहा था कि वह अपने ईमान से फिरेगा, क्योंकि ईमान तो दिल का मामला है। हमें सब्र रखना चाहिए और गलत टिप्पणियों से बचकर भाई के लिए दुआ करनी चाहिए। एसपी ने बताया कि आयुष अपने परिवार के पास है। इस पोस्ट की जांच कराई जा रही है।
आयुष की सनातन धर्म में होगी जल्द वापसी : स्वामी
शामली। योग साधना आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी यशवीर महाराज ने कहा जल्द ही आयुष की सनातन धर्म में वापसी होगी। दावा किया कि इस संबंध में प्रक्रिया चल रही है और उसमें परिवर्तन भी दिखाई देने लगा है। रविवार को मेरठ स्थित एक कार्यक्रम में मीडिया से बातचीत में स्वामी यशवीर ने आयुष को लव जिहाद में फंसाकर उसकी करोड़ों की संपत्ति हड़पने और अन्य संपत्तियों पर कब्जे के प्रयास का आरोप लगाया। बोले पहले मुस्लिम युवक हिंदू युवतियों को प्रेम संबंधों में फंसाते थे, लेकिन अब मुस्लिम युवतियों द्वारा भी हिंदू युवकों को प्रेम संबंधों में फंसाकर उनकी संपत्ति हड़पने के प्रयास किए जा रहे हैं।
निकाहनामा की जांच शुरू
आयुष के धर्मांतरण मामले में पुलिस ने शनिवार को आरोपी युवती चांदनी कुरैशी के फुफेरे भाई तौफीक उर्फ भोला निवासी आजाद चौक शामली को गिरफ्तार किया था। तौफीक कुरैशी सपा के अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश सचिव है। पुलिस ने उसके कब्जे से निकाहनामा बरामद होना बताया था। निकाहनामा 2022 का बताया गया है। एसपी एनपी सिंह ने बताया कि निकाहनामा कहां का है, वह कहां पर बनाया गया है। असली है या फर्जी इसकी जांच की जा रही है।
ये है मामला
दवा कारोबारी देवराज मलिक की तरफ से शहर कोतवाली में चांदनी कुरैशी, उसके पिता इस्लाम कुरैशी, बहन राहिल कुरैशी, सुमाईला कुरैशी, राबिया कुरैशी, भाई आस मोहम्मद उर्फ आसू कुरैशी, हुमा कुरैशी, तौफिक उर्फ भोला, मौलवी मुनव्वर दो अज्ञात मौलवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। उनका आरोप है कि उसके बेटे आयुष मलिक को योजनाबद्ध तरीके से धर्मांतरण कराया गया। इस मामले में पुलिस चांदनी कुरैशी, उसके पिता इस्लाम कुरैशी और सपा नेता तौफीक को गिरफ्तार कर चुकी है। आठ आरोपी अभी वांछित है। पुलिस इनकी तलाश में दबिश दे रही हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed