Shamli: टेंपो चालकों का फूटा गुस्सा, कलक्ट्रेट पर किया हंगामा, बोले- बार-बार चालान से रोजी-रोटी पर संकट
शामली में परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की कार्रवाई के विरोध में टेंपो चालकों ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। चालकों ने बार-बार चालान रोकने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शामली में परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की कार्रवाई के विरोध में बुधवार को बड़ी संख्या में टेंपो चालक कलक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन किया। चालकों ने आरोप लगाया कि उन्हें बार-बार रोककर चालान किए जा रहे हैं, जिससे उनकी रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। प्रदर्शन के बाद चालकों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की। प्रदर्शन में भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी भी शामिल रहे।
बार-बार चालान से आर्थिक संकट का आरोप
टेंपो चालकों का कहना था कि उनके वाहन विभाग में पंजीकृत हैं और निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही सड़कों पर संचालित किए जा रहे हैं। इसके बावजूद परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है।चालकों ने आरोप लगाया कि कई बार कार्रवाई के दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार भी किया जाता है। इससे चालकों में रोष है।
यह भी पढ़ें: CCSU दीक्षांत समारोह: राज्यपाल का युवाओं को संदेश-नौकरी खोजने के बजाय रोजगार सृजन पर दें जोर
बैंक से ऋण लेकर खरीदे वाहन, चालान से बढ़ी परेशानी
चालकों ने बताया कि अधिकांश लोगों ने बैंक से ऋण लेकर पांच से छह लाख रुपये की लागत से टेंपो खरीदे हैं। लगातार चालान होने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।उनका आरोप था कि शहर में कई अन्य व्यावसायिक वाहन भी यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए संचालित हो रहे हैं, लेकिन कार्रवाई केवल टेंपो चालकों के खिलाफ की जा रही है। उन्होंने प्रशासन से सभी वाहनों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
भारतीय किसान यूनियन ने दिया समर्थन
भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने भी टेंपो चालकों की मांगों का समर्थन किया। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई करने और चालकों की समस्याओं का समाधान कराने की मांग की।
प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने वालों में वीरेंद्र कुमार, जोनी, आशू, मोनू और राजेश समेत अन्य चालक शामिल रहे।
फिटनेस समाप्त वाहनों पर ही कार्रवाई: परिवहन विभाग
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवेश कुमार ने कहा कि विभाग केवल उन्हीं ऑटो और टेंपो के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है, जिनकी फिटनेस समाप्त हो चुकी है। नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।