सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Siddharthnagar News ›   The construction of roads and drains will change the face of the city... will provide relief from waterlogging.

Siddharthnagar News: सड़क व नाला निर्माण से बदलेगी शहर की सूरत... जलभराव से मिलेगी राहत

संवाद न्यूज एजेंसी, सिद्धार्थनगर Updated Fri, 06 Mar 2026 01:50 AM IST
विज्ञापन
The construction of roads and drains will change the face of the city... will provide relief from waterlogging.
विज्ञापन
सिद्धार्थनगर। शहर के कई मोहल्लों की जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए मुख्य मार्ग के पश्चिमी किनारे पर डेढ़ किमी लंबे नाले का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही जलभराव से गड्ढे में बदल चुकी सरोजनीनगर मोहल्ले में 500 मीटर सीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। तीन करोड़ रुपये लागत की इन दोनों परियोजनाओं पर कार्य होने से जलभराव से राहत मिलने के साथ ही शहर की सूरत बदल जाएगी।
Trending Videos

पिछले सात वर्ष से सरोजनीनगर मोहल्ले में स्थित सड़क जलभराव के चलते क्षतिग्रस्त होकर गड्ढे में तब्दील हो गई है। बारिश के मौसम में इस सड़क पर गंदा पानी और कीचड़ पसरा रहता है, जिससे सड़क नाला में तब्दील हो जाती है। वहीं, नगर पालिका की तरफ से सड़क के एक तरफ निर्मित नए नाला के ऊंचा होने के कारण सड़क के पानी की निकासी नहीं हो पाती है। इस मार्ग पर गुजरने वाले राहगीरों और स्थानीय लोगों को हर समय सांसत झेलनी पड़ती है। इस सड़क के निर्माण के लिए नगर पालिका की तरफ से कार्ययोजना बना डीएम के माध्यम से शासन को भेजी गई थी, जिसकी स्वीकृति मिल गई है। यहां एक करोड़ रुपये की लागत से 500 मीटर सीसी सड़क के निर्माण कार्य की स्वीकृति मिली है। इस सड़क के निर्माण से स्थानीय निवासियों और आसपास के कई मोहल्ले के लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। बृहस्पतिवार को इस सड़क में बने गड्ढों से हिचकोले खाते गुजर रहे बाइक सवार आशीष का कहना था कि सड़क निर्माण होने से मुख्य मार्ग से अंदर के रास्ते ही अशोक मार्ग व मेडिकल कॉलेज तक आवागमन सुगम हो जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

-
दो करोड़ के नाला से होगी जलनिकासी सुविधा बेहतर
शहर के मुख्य मार्ग के पश्चिमी किनारे पर लगभग डेढ़ किमी लंबे नाले के निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। इसके तहत नौगढ़ तहसील गेट से हाइडिल तिराहा तक नाला निर्माण कराया जाएगा। इस नाले के निर्माण से शहर के सिविल लाइंस, आजाद नगर, सरोजनीनगर, बेलसड़ समेत अन्य मोहल्लों की जलनिकासी होगी। यह नाला हाइडिल तिराहे पर हाईवे किनारे स्थित नाला से जुड़ जाएगा, जिससे आगे तक जलनिकासी में आसानी होगी। इससे बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या से जूझ रहे सड़क किनारे स्थित दुकानदार और संस्थान के लोगों को भी राहत मिलेगी।
----------
शहर काे मिल जाएगी शाॅर्ट कट रास्ता
सरोजनीनगर मोहल्ले की सड़क के निर्माण से शहर के अंदर से अशोक मार्ग तक आवागमन के लिए लोगों को शाॅर्ट कट रास्ता उपलब्ध हो जाएगा। इसके निर्माण से लोग शहर के मुख्य मार्ग से सरोजनीनगर मोहल्ले के सड़क से मुड़िला होते हुए सीधे मेडिकल कॉलेज पहुंच जाएंगे। इससे लोगों को अशोक मार्ग और खजुरिया रोड के अलावा एक नया वैकल्पिक मार्ग मिल जाएगा। पूर्व में राहगीर इसी मार्ग से आवागमन करते थे, लेकिन सड़क के क्षतिग्रस्त होने और जलभराव के चलते लोगों का आवागमन बंद हो गया था। इसके निर्माण से स्थानीय आबादी समेत अन्य लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
-
बरसात में जलमग्न रहती है सड़क
जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने के कारण बरसात के मौसम में सरोजनीनगर मोहल्ले की सड़क जलमग्न रहती है। इससे लोगों को अपने घर से बाहर सड़क पर निकलना मुश्किल रहता है। वहीं, इस सड़क पर स्थित सिद्धार्थ शिक्षा निकेतन इंटरमीडिएट स्कूल और प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को सड़क पर पसरे गंदे पानी और कीचड़ से होकर स्कूल जाना पड़ता था। बारिश के मौसम में सांसत झेल रहे मोहल्ले के लोगों की समस्या पिछले वर्ष तब और बढ़ गई, जब जलनिकासी के लिए निर्मित हुई नाली सड़क से ऊंची बन गई। इससे सड़क के पानी की निकासी ही रुक गई और लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई थीं।
-
मुख्य मार्ग किनारे नाला और सरोजनीनगर मोहल्ले की सड़क के निर्माण से शहर की बड़ी आबादी को आवागमन में सुविधा होगी और जलनिकासी सुविधा बेहतर होगी।
जहीर सिद्दीकी, सभासद
सरोजनीनगर मोहल्ले की सड़क और मुख्य मार्ग किनारे नाला निर्माण से स्थानीय लोगों को जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी और आवागमन की सुविधा अच्छी होगी।
कमलेश पांडेय, शहरवासी
-----------
नगर पालिका के मुख्य मार्ग किनारे नाला निर्माण और सरोजनीनगर सड़क के निर्माण की शासन से स्वीकृति मिल गई है, जल्द ही इस पर निविदा प्रक्रिया पूर्ण करते हुए निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इससे शहर के बड़े हिस्से में जलनिकासी और आवागमन की सुविधा बेहतर हो जाएगी।
गोविंद माधव, अध्यक्ष नगर पालिका

शासन की तरफ से नगर पालिका सिद्धार्थनगर में मुख्य मार्ग किनारे नाली निर्माण और सरोजनीनगर मोहल्ले की सड़क निर्माण की स्वीकृति मिली है। नाली निर्माण से शहरी क्षेत्र में जलनिकासी सुविधा बेहतर होगी। साथ ही सड़क निर्माण से स्थानीय लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी।
शिवशरणप्पा जीएन, जिलाधिकारी
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed