राजकीय जिला पुस्तकालय में बुधवार को नव आगमन पटल के तहत नई पुस्तकों की प्रदर्शनी आयोजित की गई। प्रदर्शनी का शुभारंभ जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने किया। प्रदर्शनी में साहित्य, इतिहास, विज्ञान, प्रतियोगी परीक्षाओं, बाल साहित्य, जीवनी, योग सहित विभिन्न विषयों की नई पुस्तकों को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और नियमित पाठकों ने पुस्तकों का अवलोकन किया तथा अपनी रुचि के अनुसार उनका अध्ययन किया।
जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने कहा कि पुस्तकें मनुष्य की सबसे अच्छी मित्र होती हैं। पुस्तकालय में विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं और सभी आयु वर्ग के पाठकों की आवश्यकता के अनुरूप पुस्तकें उपलब्ध हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से पुस्तकालय की सदस्यता लेकर इसका लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य पाठकों को पुस्तकालय में उपलब्ध नई पुस्तकों से परिचित कराना और अध्ययन की संस्कृति को बढ़ावा देना है। नई पुस्तकों को लेकर छात्र-छात्राओं और नियमित पाठकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर वित्त एवं लेखाधिकारी मनोज कुमार, राजकीय महिला महाविद्यालय के प्राध्यापक दिलीप कुमार सिंह, बृजेश कुमार, समग्र शिक्षा के समन्वयक अरविंद सिंह चौहान, प्रधान सहायक कमलेश सिंह यादव, वरिष्ठ सहायक संतोष कुमार, राजकीय जिला पुस्तकालय के प्रभारी संजीव कुमार मिश्रा तथा लक्ष्मी नारायण चौबे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।