सोनभद्र। नगर के एक पैलेस में शनिवार को मारवाड़ी युवा मंच सोन महिला शाखा एवं श्री राणी सती दादी भक्त महिला मंडल के संयुक्त संयोजन में सखियों री आई तीज (तीज का त्योहार, सखियों के नाम) कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। पारंपरिक परिधानों, लोक संस्कृति और उत्साह से सराबोर आयोजन में महिलाओं ने तीज पर्व उल्लास के साथ मनाया। कार्यक्रम का शुभारंभ कैमूर वन्य जीव प्रभाग मिर्जापुर की डीएफओ आरुषि मिश्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि तीज जैसे पर्व भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक समरसता के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ सामाजिक सहभागिता बढ़ाने का अवसर भी प्रदान करते हैं। कार्यक्रम में पारंपरिक व्यंजनों, शृंगार सामग्री, हस्तशिल्प और अन्य उत्पादों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। महिलाओं ने खरीदारी के साथ स्थानीय व्यंजनों का स्वाद भी लिया। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, प्रश्नोत्तरी, सरप्राइज गेम, बच्चों के खेल, स्टॉल संचालकों का सम्मान और तीज क्वीन प्रतियोगिता ने समारोह में उत्साह भर दिया। मारवाड़ी युवा मंच सोन महिला शाखा की अध्यक्ष सुनीता सांवरिया और श्री राणी सती दादी भक्त महिला मंडल की अनीता थरड ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ समाज में प्रेम, एकता और सहयोग की भावना को मजबूत करना है। इस अवसर पर मीरा जालान, शीला जैन, पूनम खेतान, उमा जैन, खुशबू, चित्रा जालान, पूनम केडिया, अंकिता केजरीवाल, रिंकी जालान, रितु जालान, कीर्ति द्विवेदी, नीलम, रोहिणी तिवारी आदि मौजूद रहे।