मातम में बदलीं शादी की खुशियां: रस्मों के बीच अचानक गायब हुआ दुल्हन का मामा, सुबह पेड़ से लटकता मिला शव
Azamgarh News: जिले के बरदह थाना क्षेत्र के महुजा गांव में भांजी की शादी में शामिल होने आए युवक का पेड़ से लटका शव मिला। घटना के बाद शादी वाले घर में सन्नाटा पसर गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के महुजा गांव में मंगलवार सुबह एक युवक का शव शीशम के पेड़ से गमछे के सहारे लटका मिला, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
क्या है पूरा मामला
जौनपुर जनपद के कोतवाली थाना क्षेत्र के प्रेमराजपुर गांव निवासी 22 वर्षीय करन गौतम अपनी भांजी वंदना पुत्री ओमचंद्र गौतम की शादी में शामिल होने के लिए महुजा गांव आया था। सोमवार रात सरायमीर थाना क्षेत्र के रंगडीह पारा गांव से बरात आई थी और परिवार के सभी सदस्य विवाह समारोह की तैयारियों एवं कार्यक्रमों में व्यस्त थे। इसी दौरान करन देर रात अचानक कहीं चला गया।
मंगलवार सुबह महुजा स्थित पुरानी चीनी मिल के सामने मार्टीनगंज-ठेकमा मार्ग पर एक शीशम के पेड़ की डाल से उसका शव गमछे के सहारे लटका मिला। शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने शव देखकर डायल-112 और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की।
इसे भी पढ़ें; Electricity Crisis: डीपीएच में पैनल में खराबी से बिजली गुल, मंडुवाडीह में जल गया ट्रांसफॉर्मर; ट्रिपिंग जारी
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। मृतक के भाई विक्रम गौतम ने बताया कि करन पिछले कई दिनों से अपनी बहन चिंता देवी के घर रहकर शादी की तैयारियों में सहयोग कर रहा था। द्वारपूजा कार्यक्रम के बाद वह अचानक लापता हो गया और सुबह उसका शव पेड़ से लटका मिला।
युवक की मौत की खबर मिलते ही विवाह समारोह का माहौल मातम में बदल गया। परिजनों के रोने-बिलखने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, ग्रामीणों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि शव जमीन से सटा हुआ था, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत होता है।
ग्रामीणों का मानना है कि युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया हो सकता है। करन पांच भाइयों में सबसे छोटा था और मजदूरी कर परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करता था।
प्रभारी थानाध्यक्ष उमेश यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।