सोनभद्र। जून और जुलाई में औसत से कम बारिश होने के कारण सोनभद्र, वाराणसी सहित पूर्वांचल के आठ जिलों में सूखे जैसे हालात बनने लगे हैं। भारतीय मौसम विभाग के जारी आंकड़ों के अनुसार, दो महीने में विंध्याचल मंडल के भदोही जिले में महज 85 मिलीमीटर (मिमी) बारिश रिकॉर्ड हुई है, यहां 78% कम बारिश हुई है। बलिया और मिर्जापुर की ही स्थिति संतोषजनक है। सोनभद्र, मिर्जापुर और चंदाैली के बांधों में भी जल भराव मानक से नीचे है। इससे चिंता बढ़ने लगी है। वहीं, सामान्य के मुकाबले एक तिहाई कम बारिश होने से सोनभद्र जिले के कई हिस्सों में धान की खेती प्रभावित हुई है। बांधों में पर्याप्त पानी न होने के कारण नहरों में टेल तक पानी नहीं पहुंच पाया है। इससे धान की खेती पर संकट बना हुआ है। अब अगस्त के पहले पखवाड़े में अच्छी बारिश की उम्मीद में किसान आसमान की तरफ टकटकी लगाए हैं। सोनभद्र और सिंगरौली स्थित कारखानों और वहां के रहवासियों के साथ ही बिहार के एक बड़े हिस्से को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने वाले रिहंद जलाशय में पिछले वर्ष के मुकाबले 22.1 फीट कम पानी है। पिछले वर्ष पहली अगस्त की सुबह आठ बजे तक यहां का जलस्तर 867.8 फीट दर्ज किया गया था। इस बार यह 845.7 फीट पर बना है। इस वर्ष दर्ज न्यूनतम जलस्तर 843.2 फीट के मुकाबले महज ढाई फीट अधिक पानी बढ़ पाया है। इसके अलावा, जुलाई में पानी से लबालब हो जाने वाले नगवां बांध में अधिकतम स्तर 354.60 मीटर के मुकाबले 348.62 मीटर, रॉबर्ट्सगंज, घोरावल और मिर्जापुर के मड़िहान तहसील क्षेत्र को पानी देने वाले धंधरौल बांध में 317.90 मीटर के मुकाबले 312.98 मीटर पानी है। चंदाैली जिले के चंद्रप्रभा बांध में 772 के सापेक्ष 742 फीट, लतीफशाह बीयर में 350 फीट के सापेक्ष 313.3 फीट, मूसाखाड़ बांध में 354 फीट के सापेक्ष 286.1 फीट, नौगढ़ बांध में 895 फीट के सापेक्ष 885.01 फीट, भैसौड़ा बांध में 908 फीट के सापेक्ष 902.06 फीट पानी है। एक अगस्त 2026 तक सिंचाई विभाग मंडल के अनुसार, मिर्जापुर के 12 जलाशयों में जलस्तर तय मानक से कम है। नगवा जलाशय का पूर्ण जलस्तर 1163.37 फीट के सापेक्ष वर्तमान जलस्तर 1143.50 फीट, धनरौल का 1043 फीट के सापेक्ष 1026.60 फीट जलस्तर है। ढेकवा जलाशय की स्थिति सबसे अधिक चिंताजनक है, जहां 538.50 फीट के सापेक्ष मात्र 418.53 फीट यानी 120 फीट कम पानी है। मेजा, नगवा, अपर खजुरी और अहरौरा जलाशयों में भी जलस्तर कम दर्ज किया गया है।