सोनभद्र/चुर्क। हर घर तिरंगा अभियान के तहत बृहस्पतिवार को विभिन्न संस्थाओं ने तिरंगा यात्रा निकाली। हाथों में तिरंगा लेकर वंदे मातरम और भारत माता की जय का उद्घोष करते हुए युवा, महिला, बुजुर्गों ने लोगों को आजादी का संदेश दिया। यात्रा जहां से गुजरी, वह पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो गया। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय परिसर से चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम हाथों में तिरंगा लेकर मुख्य मार्ग की ओर रवाना हुई। इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष से पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। यात्रा में डॉ. कीर्ति आजाद बिंद, डॉ. केके पांडेय, डॉ. अमृत राय, डॉ. मुक्ता सिंह, डॉ. दीप्ति सिंह, डॉ. एके गरोटिया, डॉ. गणेश प्रसाद, डॉ. जितेंद्र, डॉ. प्रीतम, सुनील श्रीवास्तव, सुमित आदि शामिल रहे। वहीं राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज चुर्क से निकली रैली में शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। निदेशक प्रोफेसर केएस वर्मा की उपस्थिति में शिक्षकों ने हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों एवं आमजन को हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने और अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया। शिक्षकों ने कहा कि तिरंगा केवल भारत का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता, गौरव, एकता और संप्रभुता का प्रतीक है। इस अवसर पर डॉ. विकास तिवारी, डॉ. रवि प्रताप सिंह, डॉ. प्रशांत पांडेय, डॉ. हिमांशु कटियार, डॉ. हरिश्चंद्र उपाध्याय, डॉ. दीपक सिंगरोहा, डॉ. भावना अरोरा, डॉ. पीके वर्मा, डॉ. अमोद कुमार तिवारी, डॉ. कल्पना सिंह आदि उपस्थित रहे। हर घर तिरंगा अभियान के तहत 48वीं वाहिनी पीएसी के ब्रॉस बैंड दल ने बृहस्पतिवार को नगर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर बैंड वादन कर लोगों को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना के लिए जागरूक किया। सेनानायक अजय प्रताप के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बैंड दल ने देशभक्ति की धुनें प्रस्तुत कर लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना जगाई। ब्रॉस बैंड दल ने परासी पांडेय स्थित शहीद उद्यान और मारकुंडी स्थित वीर लोरिक पत्थर पर विशेष प्रस्तुति दी। देशभक्ति की धुनों से वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत हो गया। इस दौरान लोगों को हर घर तिरंगा अभियान में सहभागिता करने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया गया। पीएसी अधिकारियों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना है।