घोरावल। निपुण भारत मिशन के अंतर्गत घोरावल ब्लॉक संसाधन केंद्र पर बृहस्पतिवार को आधारभूत साक्षरता एवं संख्या ज्ञान और एनसीईआरटी आधारित पाठ्य पुस्तकों से संबंधित प्रशिक्षण शिक्षकों को दिया गया। तीसरे दिन 80 शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। खंड शिक्षा अधिकारी अरविंद कुमार पटेल ने बताया कि इस कार्यक्रम को चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जा रहा है। ब्लॉक के सभी परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों को इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा। यह प्रशिक्षण सितंबर माह तक पूरा कराया जाएगा। प्रशिक्षण पीपीटी एवं स्मार्ट बोर्ड से दिया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य एनसीईआरटी की नई पाठ्यपुस्तकों के अनुरूप शिक्षकों को अपडेट करना है। इससे शिक्षकों को नई किताबों, गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धति और बच्चों की बुनियादी दक्षताओं के विकास के लिए तैयार करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा एफएलएन के तहत भाषा और गणित की ऐसी पढ़ाई पर बल दिया जा रहा है, जो बच्चों को आसानी से समझ में आए। प्रशिक्षण में केआरपी दीनबंधु त्रिपाठी, एआरपी मयंक दुबे, अनिल कुमार प्रजापति, धनंजय द्विवेदी, ओमप्रकाश की प्रमुख भूमिका है। प्रशिक्षण में सम्मिलित अध्यापकों में अमित गुप्ता, गणेश ओझा, सर्वेश, अनिल, रामेश्वर, अरविंद, पूनम, पुष्पा देवी आदि मौजूद रहीं।