सोनभद्र। प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ (पीएमएस) शाखा सोनभद्र का निर्वाचन निर्विरोध संपन्न हो गया। बृहस्पतिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. जीएस यादव ने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रमेश कुमार मिश्रा की उपस्थिति में सभी निर्वाचित पदाधिकारियों की औपचारिक घोषणा की।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 25 से 28 जुलाई तक नामांकन प्रक्रिया संपन्न हुई। कुल आठ पदों के लिए आठ प्रत्याशियों ने ही नामांकन किया। प्रत्येक पद पर एक-एक नामांकन होने के कारण सभी प्रत्याशी चार अगस्त को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए। निर्वाचित पदाधिकारियों में डॉ. राजेश कुमार सिंह अध्यक्ष चुने गए। इसके अलावा डॉ. सुमन कुमार जायसवाल, डॉ. गुरु प्रसाद मौर्य उपाध्यक्ष और डॉ. मोनिका सिंह महिला उपाध्यक्ष, डॉ. मुन्ना प्रसाद कोषाध्यक्ष, डॉ. गिरधारी लाल संपादक और डॉ. संग्राम सिंह केंद्रीय कार्यकारिणी समिति के सदस्य चुने गए। सभी सदस्यों की सर्वसम्मति से डॉ. अखिलेश सिंह को शाखा का सचिव नियुक्त किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रमेश कुमार मिश्रा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी चिकित्सकों के हितों की रक्षा के साथ संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में प्रभावी भूमिका निभाएगी।