यूपी: सोनभद्र में किसान संगठनों ने निकाली ट्रैक्टर रैली, पुलिस ने रोका
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में नए कृषि कानून के विरोध में गणतंत्र दिवस के मौके पर किसान संगठनों द्वारा निकाली जा रही ट्रैक्टर रैली को रॉबर्ट्सगंज खरीदारी मार्ग पर तियरा गांव के पास पुलिस ने रोक दिया। यह रैली पूर्वांचल नव निर्माण मंच के बैनर तले निकाला जा रही थी।
बेलोडी डांके बगला से करीब एक दर्जन की संख्या में ट्रैक्टर लेकर किसानों का एक दल कलेक्ट्रेट जा रहा था। तभी रोक दिया गया। किसानों का कहना है कि कृषि कानून किसानों के हित में नहीं है। इसे निरस्त करते हुए न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी देने वाला कानून बनाया जाए।
चंदौली में सपा और किसानों की ट्रैक्टर रैली
चंदौली जिले में नए कृषि कानून के खिलाफ दिल्ली में आयोजित ट्रैक्टर रैली के समर्थन में भी किसान भी उतर आए हैं। जगह-जगह ट्रैक्टरों के साथ किसान मुस्तैद हो गए हैं। सकलडीहा में ट्रैक्टर रैली रोकने पर किसान और सपा कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। कुछ किसान ट्रैक्टर पर सवार होकर जिला मुख्यालय पहुंच गए। वहीं, दूसरी तरफ जिले के मुख्य मार्गों की ओर आने वाले रास्तों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।
पुलिस की ओर से किसी को भी ट्रैक्टर लेकर मुख्य मार्ग पर आने की इजाजत नहीं दी गई है। पुलिस की ओर से पंप संचालकों तक को इस बात की सख्त हिदायत दी गई गई कि गणतंत्र दिवस पर किसी ट्रैक्टर में डीजल न भरा जाए। यहां तक कि सोमवार को पुलिस ट्रैक्टर स्वामियों को नोटिस देकर सख्त चेतावनी दी है कि मुख्य मार्ग पर आते ही उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने रोका सपा कार्यकर्ताओं का ट्रैक्टर जुलूस
मिर्जापुर जिले में किसान आंदोलन के समर्थन में समाजवादी पार्टी द्वारा जिले की चारों तहसीलों में ट्रैक्टर जुलूस निकालने को लेकर जगह-जगह पुलिस से नोकझोंक हुई। इसे देखते हुए सुरक्षा-व्यवस्था चाकचौबंद की गई थी।
मंगलवार की सुबह समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष देवी चौधरी कार्यकर्ताओं के साथ पहाड़ी ब्लॉक के अघवार गांव पहुंचे। वहां से ट्रैक्टर जुलूस लेकर आगे बढ़े ही थे कि एक किलोमीटर के बाद पुलिस ने उन्हें रोक दिया। ट्रैक्टर जुलूस समाप्त कर सपा कार्यकर्ता लालगंज तहसील चले गए।