सोनभद्र में कम बारिश का असर: तीन माह में रिहंद बांध का जलस्तर 12.7 फीट घटा, बिजली उत्पादन की बढ़ी चिंता
Sonbhadra News: कैचमेंट क्षेत्र में पर्याप्त बारिश नहीं होने से तीन माह में रिहंद बांध का जलस्तर 12.7 फीट घट गया। ऐसे में विद्युत उत्पादन पर असर पड़ने की आशंका है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सोनभद्र जिले के कैचमेंट क्षेत्र में पर्याप्त बारिश नहीं होने से रिहंद बांध का जलस्तर तीन महीनों में 12.7 फीट घट गया है। इस वर्ष जुलाई में बांध का जलस्तर 842.8 फीट है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 846 फीट था। पिछले दो साल में जून के अंत तक कैचमेंट क्षेत्र में अच्छी बारिश होने से जलाशय का जलस्तर बढ़ा था, लेकिन इस साल जून में अपेक्षित बारिश नहीं होने से स्थिति चिंता का विषय बनी हुई है। यदि आने वाले दिनों में सामान्य से कम बारिश हुई तो इसका असर तापीय विद्युत परियोजनाओं के उत्पादन पर पड़ सकता है।
भीषण गर्मी में बिजली की रिकॉर्ड मांग के कारण ऊर्जांचल की तापीय परियोजनाओं पर उत्पादन का स्तर बरकरार रखने का भारी दबाव रहा। प्रदेश में मई महीने में पहली बार बिजली की मांग 30 हजार मेगावाट के आंकड़े को पार कर गई थी। मांग को पूरा करने के लिए रिहंद जलाशय से लगातार पानी छोड़ा गया, जिससे जलस्तर में गिरावट आती रही।
आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल की शुरुआत में रिहंद का जलस्तर 855.4 फीट था। मई की शुरुआत में 852.5 फीट, जून की शुरुआत में 848.1 फीट और जुलाई के आरंभ में 842.8 फीट रह गया। यानी पिछले तीन महीनों में जलस्तर में 12.7 फीट की गिरावट दर्ज की गई।
इसे भी पढ़ें; UP: भाजपा नेता डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय ईसी के बाद अब आईआईटी बीएचयू के बीओजी में भी बने सदस्य, जानें- खास
रिहंद बांध के अधिशासी अभियंता इं. शशिकांत राय ने बताया कि पिछले दो वर्षों में जून महीने में कैचमेंट क्षेत्र में अच्छी बारिश होने से रिहंद जलाशय का जलस्तर सामान्य स्थिति में पहुंच गया था। इस वर्ष जून में अपेक्षित वर्षा नहीं होने के कारण जलस्तर तेजी से घटा है। हालांकि बीती रात कैचमेंट क्षेत्र में अच्छी बारिश होने से जलस्तर में लगभग तीन इंच की वृद्धि दर्ज की गई है।
कनहर बांध का जलस्तर 260.500 मीटर पहुंचा, तीन फाटक खुले
छत्तीसगढ़ के कैचमेंट क्षेत्र में लगातार हो बारिश का असर कनहर बांध पर दिखाई देने लगा है। बांध में पानी की आवक तेजी से बढ़ने के कारण बृहस्पतिवार की शाम तक जलस्तर बढ़कर 260.500 मीटर पहुंच गया। सिंचाई विभाग ने एहतियात के तौर पर बांध के तीन फाटक खोल दिए हैं ताकि अतिरिक्त पानी का सुरक्षित निकास हो सके और बांध पर अनावश्यक दबाव न पड़े। अवर अभियंता नंदलाल यादव ने बताया कि छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश के कारण कनहर नदी का जलस्तर बढ़ा है, जिससे बांध में लगातार पानी आ रहा है। तीन फाटक खुलने के बाद कनहर नदी में पानी का बहाव तेज हो गया है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में अच्छी बारिश की संभावना जताई है।