सोनभद्र। म्योरपुर, कोन और चोपन ब्लॉक की एक-एक ग्राम पंचायतों में बगैर भौतिक सत्यापन लाखों के भुगतान का मामला सामने आया है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए सीडीओ जागृति अवस्थी ने संबंधित एडीओ पंचायतों को प्रकरण की अविलंब जांच पूरी करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। वहीं पंचायत गेटवे-सचिवालय से इतर जाकर भुगतान करने पर निदेशालय स्तर से सख्ती बरती गई है। निदेशक के निर्देश पर डीपीआरओ नमिता शरण ने 21 पंचायत सचिवों को मध्यावधि प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की है। प्रदेश की बड़ी ग्राम पंचायतों में एक म्योरपुर ब्लॉक के कुलडोमरी में प्रधान को प्रशासक बनाए जाने के बाद नियमों की अनदेखी करते हुए लाखों का भुगतान कर दिया गया। आरोप है कि अधिकांश कार्यों के भुगतान के लिए भौतिक सत्यापन भी नहीं कराया गया। कई कार्यों के वाउचर (कार्य पर हुए व्यय का बिल) भी अपलोड नहीं किए गए। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ ने तत्काल एडीओ पंचायत म्योरपुर अजय सिंह को मामले की जांच और जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। इसी तरह की शिकायत कोन और चोपन ब्लॉक के भी एक-एक ग्राम पंचायतों से आई हैं। इसको भी गंभीरता से लेते हुए सीडीओ ने एडीओ पंचायतों को जल्द जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। प्रशासक बनने के बाद जिले की कई ग्राम पंचायतों में भुगतान के लिए खासी जल्दी दिखाई गई। पंचायत गेटवे-ग्राम सचिवालय से इतर जाकर किसी ने दो, किसी ने चार तो किसी ने छह लाख तक के भुगतान कर डाले। पंचायत गेटवे पोर्टल की समीक्षा में मामला पकड़ा गया तो संबंधित सचिवों से स्पष्टीकरण मांगा गया। कई सचिवों ने जारी नोटिस का जवाब भी देना जरूरी नहीं समझा। विभागीय स्तर पर जांच-पड़ताल में भी इस बात की पुष्टि हुई कि एक से 31 अप्रैल के बीच कई ग्राम पंचायतों में ग्राम सचिवालय में स्थापित कंप्यूटर सिस्टम से भुगतान न कर अन्य जगहों से भुगतान किया गया। प्रकरण में निदेशालय से भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निर्देश के बाद बभनी ब्लॉक में तैनात चारूलता, हेमंत शुक्ला, कमलेश भारती, चतरा ब्लॉक के अखिलेश यादव, दीपक कुमार, प्रवीण कुमार, यशपाल सिंह, चोपन ब्लॉक के दीपक पांडेय, स्मिता यादव, दुद्धी ब्लॉक के घनश्याम, केके सिंह, घोरावल ब्लॉक के दिनेश गिरि, करमा ब्लॉक के रोहित सिंह, कोन ब्लॉक के जितेंद्र कुमार, राजेश कुमार, म्योरपुर ब्लॉक के अरुण सिंह, अरुण उपाध्याय, राघवेंद्र सिंह, रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक के पंकज मौर्या, प्रीति पाठक, सुरेश सिंह को मध्यावधि प्रतिकूल प्रविष्टि जारी कर दी गई। साथ ही आगे ग्राम सचिवालय में स्थापित कंप्यूटर सिस्टम से ही पंचायत गेटवे पोर्टल के जरिए भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा न करने पर कड़ी कार्रवाई के लिए चेताया गया है।